Ranchi news: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गयी है। इस चुनाव में दोनों गुटों ने एक-दूसरे के खिलाफ ताल ठोकी है और मैदान में आमने- सामने हैं। एक गुट अजय नाथ शाहदेव का है और दूसरा गुट एसके बेहरा का। नॉमिनेशन भरने के साथ ही दोनों गुट ने प्रचार शुरू कर दिया था। दोनों गुट 18 मई को होने वाले चुनाव में अपने पक्ष में अधिक वोट करवाने की जुगत लगा रहे हैं।
आज सुबह 8:30 से शुरू हो जाएगी वोटिंग
सुबह 8:30 बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। दोपहर 2:00 बजे से मतगणना भी शुरू हो जाएगी। शाम तक रिजल्ट की भी घोषणा कर दी जायेगी। वहीं अब बात की जेएससीए में कितने वोटर्स हैं जो दोनों गुटों के जीत और हार तय करेंगे। नई कमेटी में 725 सदस्य अपना वोटिंग करेंगे। जिसमें झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के 638 सदस्य हैं। जबकि 25 क्लब और 29 स्कूल के एक-एक सदस्य अपना वोट देंगे। वहीं इस चुनाव में 10 संस्थान के एक-एक सदस्य अपना वोट करेंगे। वहीं अब बात दोनों गुटों की। इसमें अध्यक्ष पद के दावेदार अजय नाथ शाहदेव का गुट द टीम में उपाध्यक्ष के लिए संजय प पांडे, सचिव के लिए सौरभ तिवारी, सह सचिव के लिए शाहबाज नदीम व कोषाध्यक्ष के लिए अमिताभ घोष हैं। वहीं कमेटी मेंबर के रूप में संजय जैन, रमेश कुमार, मिहिर प्रीतेश, परवेज खान और रत्नेश कुमार सिंह ने नॉमिनेशन किया है। वहीं अध्यक्ष पद के लिए दावेदार एसके बेहरा गुट में उपाध्यक्ष के लिए नंदू पटेल, सचिव के लिए एसबी सिंह, सह सचिव के लिए राजकुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष के लिए सौम्या सेन मैदान में खड़े हैं।
क्रिकेट के विकास पर अजय नाथ शाहदेव गुट का जोर
दोनों गुटों के अपने अलग-अलग चुनावी एजेंडे हैं। इसमें अजय नाथ शाहदेव गुट के मेनिफेस्टो में क्रिकेट से संबंधित निर्णयों में क्रिकेटरों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना, सभी स्तर पर खिलाड़ी चयन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करना, सभी प्रारूपों और श्रेणियों में जेएससीए टीमों के लिए शीर्ष चार रैंकिंग हासिल करने का प्रयास, झारखंड में वर्ष भर गतिविधियों और पिरामड संरचना के साथ एक प्रभावी क्रिकेट अकादमी की स्थापना करना, रांची में क्षेत्रीय इकाइयों के साथ एक अत्याधुनिक पुनर्वास केंद्र की स्थापना, मानक प्रारूप, शेड्यूलिंग और प्रदर्शन ट्रेकिंग प्रणालियों के साथ लीग और स्कूल लीग संरचनाओं में सुधार करना , यह सुनिश्चित करना कि बीसीसीआइ में जेएससीए की प्रमुखता बहाल हो, बीसीसीआई और मीडिया भागीदारी के साथ सहयोग के माध्यम से पूर्वी भारत में क्रिकेट हब के रूप में जेएससीए बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देना, महिला क्रिकेट का विकास, प्रतिभा खोज, पूर्व खिलाड़ियों की सहभागिता शामिल है।
विकास के साथ आयोजन पर एसके बेहरा गुट का फोकस
वहीं दूसरी ओर एसके बेहरा गुट के चुनावी एजेंडे में गांव व ग्रासरूट से क्रिकेट को प्रमोट करना, अधिक से अधिक स्टेट, नेशनल और इंटरनेशनल टूर्नामेंट व लीग मैच का आयोजन करना, स्कूल, कॉलेजों और यूनिवर्सिटी लेवल पर क्रिकेट को मजबूत करना, सभी 24 जिलों में क्रिकेट को मजबूत करना, क्रिकेट के मैदान में स्टेडियमों का निर्माण, संरक्षण के अलावा एकेडमी को मजबूत करना और जोन और जिला स्तर पर हाई परफॉर्मेंस सेंटर का निर्माण करना शामिल है।
दोनों गुटों ने झोंकी ताकत, जीत का फैक्टर बनेगा जमशेदपुर
दोनों गुट अपनी तरफ से पूरी ताकत लगा रहे हैं। लेकिन वर्तमान में जेएससीए के 300 मतदाता रांची से और जमशेदपुर से 247। इसके बावजूद जमशेदपुर में स्कूल और क्लब अधिक होने के कारण जमशेदपुर किसी भी गुट की जीत का रूख तय कर सकता है। इसलिए दोनों गुट जमशेदपुर और बाकी जिलों में अपनी ताकत लगा रहे हैं जिससे वो जीत का सेहरा पहन सके और जेएससीए की कमान संभाल सकें।



