Giridih news, Jharkhand news :झारखंड के गिरिडीह जिले के घोड़थम्बा ओपी क्षेत्र में होली जुलूस के दौरान हुई झड़प के मामले में अब तक 22 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को घोड़थम्बा इलाके में होली के मौके पर निकाले गये जुलूस को रोके जाने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दो समुदायों के बीच झड़प हो गयी। इसी दौरान उपद्रवियों ने पथराव और आगजनी की। पथराव और आगजनी में कई लोग घायल हो गये। उपद्रवियों ने कई दुकानों और वाहनों में आग लगा दी।
22 लोगों को किया गया गिरफ्तार : एसडीपीओ
खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि इस सिलसिले में दोनों पक्षों के 22 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान 04 दुकानें, 05 मोटरसाइकिल और 02 चारपहिया वाहनों में उपद्रवियों ने आग लगा दी थी। विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया।
उपद्रवियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी
गिरिडीह के एसपी बिमल कुमार ने कहा कि झड़प में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।