▪︎ हजारीबाग में स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में : मंत्री
Ranchi News: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से बुधवार को हजारीबाग में द्वितीय मंगला जुलूस के दौरान हुई घटना पर उठाये गये सवाल के जवाब में प्रभारी मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि हजारीबाग में स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक ने जो रिपोर्ट दी है, उसके अनुसार मंगला जुलूस के दौरान जुलूस मंच मंदिर से झंडा चौक होते हुए गुजर रहा था, जिसमें आपत्तिजनक गाने बजाये जा रहे थे। इस पर दोनों पक्षों की ओर से पथराव किया गया और बाद में पुलिस पर भी पथराव होने लगा। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग की। उन्होंने कहा कि घटना को नियंत्रण में करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में कांड 89/25 दर्ज किया गया और दोनों पक्षों में से पांच-पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, 200 अज्ञात के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
सरकार चेक एंड बैलेंस कर रही है: नवीन जायसवाल
इस पर भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि सरकार चेक एंड बैलेंस कर रही है। दोनों ओर से गिरफ्तारी की जा रही है, जबकि जिसने पत्थरबाजी शुरू की, उस पर कार्रवाई करनी चाहिए। बाद में विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही गुरुवार की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।