▪︎ मुख्यमंत्री ने कहा : चिन्ता की बात नहीं, बढ़िया से मनेगा सरहुल
Ranchi News: झारखंड विधानसभा में बजट सत्र के 12वें दिन मंगलवार को ध्यानाकर्षण के जरिये भाजपा विधायक सीपी सिंह ने सिरमटोली फ्लाईओवर मामले को सदन में रखा। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर को लेकर वहां के लोग आन्दोलनरत हैं।
भाजपा विधायक ने कहा कि इस मामले को लेकर उनके साथ-साथ मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों का पुतला फूंका गया। यह उनके विधानसभा क्षेत्र में आता है। सरहुल में पूजा-अर्चना होती है, जहां हजारों लोग आते हैं। इसका समाधान जल्द किया जाये। इस पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि सामाजिक संगठनों के माध्यम से यह विषय मेरे पास आया है। चिन्ता की कोई बात नहीं है। सरहुल मनेगा और बढ़िया से मनेगा।
दरअसल, सरहुल पर्व झारखंड और आसपास के आदिवासी क्षेत्रों में मनाया जाता है। इसमें प्रकृति विशेषकर साल वृक्ष (सखुआ) की पूजा की जाती है। यह पर्व नये साल की शुरुआत और बसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है।
गिरिडीह उपद्रव पर सदन में हंगामा
झारखंड विधानसभा बजट सत्र के 12 वें दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही 11 बज कर 06 मिनट पर शुरू हुई। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गिरिडीह की घटना और विधि व्यवस्था के सवाल पर बहस करने की मांग की। मरांडी ने कहा कि पुलिसिया कार्रवाई में हिन्दुओं को जबरन आरोपित बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि होली के समय पर एक पक्ष के लोग पर्व त्योहार मना रहे थे। उनके हाथ में किसी प्रकार के हथियार नहीं थे, लेकिन दूसरे पक्ष ने बोतल बम, तलवार, लाठी-डंडे से हमला किया। इसमें कई लोग घायल हुए हैं। कई दुकानों को आग लगा दिया गया है। इस मामले में सदन में बहस होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मामले में कुल 80 लोगों को आरोपित बनाया गया है, जिसमें 40-40 दोनों समुदाय के लोग हैं। मामले में 22 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इनमें भी 11-11 दोनों पक्षों से गिरफ्तारी की गयी है।
वित्तमंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि ऐसे मामले में पक्ष और विपक्ष संवेदनशील होते हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन गृह विभाग की अनुदान मांग पर चर्चा होगी, उस दिन इस मसले पर भी चर्चा की जायेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना को लेकर राजनीति करना उचित नहीं है। घटना को लेकर भाजपा विधायकों ने जोरदार हंगामा किया।