Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
Error
Location unavailable
🗓️ Mon, Mar 31, 2025 🕒 11:02 PM

देवेन्द्र फडणवीस ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, शपथ ग्रहण आज

देवेन्द्र फडणवीस ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, शपथ ग्रहण आज

Share this:

Mumbai News : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक दल के नेता देवेन्द्र फडणवीस ने बुधवार को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मिल कर महाराष्ट्र में नयक सरकार बनाने का दावा किया है। इसके बाद राज्यपाल ने गुरुवार को शाम साढ़े पांच बजे नयी सरकार की शपथ विधि को मंजूरी दे दी। इस मौके पर शिवसेना शिंदे समूह के अध्यक्ष एकनाथ शिंदे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अजीत पवार समूह के अध्यक्ष अजीत पवार, केन्द्रीय वित्त मंत्री  निर्मला सीतारमण, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल उपस्थित थे।

भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में नेता चुने गए देवेन्द्र फडणवीस
इससे पूर्व भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुधवार को विधानभवन में आयोजित की गयी थी। इस बैठक में देवेन्द्र फडणवीस को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद राकांपा एपी के अध्यक्ष अजीत पवार और देवेन्द्र फडणवीस कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिलने वर्षा शासकीय आवास पर गये। इन तीनों नेताओं के बीच भावी सरकार के गठन को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद आज देवेन्द्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजीत पवार के साथ राजभवन गये और राज्यपाल से मिल कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।

देवेन्द्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजीत पवार राज्यपाल से मिले
देवेन्द्र फडणवीस ने बताया कि आज वह शिवसेना शिंदे समूह के अध्यक्ष एकनाथ शिंदे, राकांपा एपी के अध्यक्ष अजीत पवार के साथ राज्यपाल से मिले और उन्हें एनडीए के सहयोगी दलों की ओर सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल ने पत्र देखने के बाद हमें सरकार गठन की मंजूरी दी है। इसलिए गुरुवार शाम को हमारी सरकार की शपथ विधि होगी। हम तीनों साथ बैठ कर मंत्रियों के नाम तय करनेवाले हैं। देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि हमारी सरकार के समक्ष चुनौतियां बहुत हैं। हमने चुनाव प्रचार के दौरान जो वादे जनता से किये हैं, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया जायेगा।
राकांपा एपी के अध्यक्ष अजीत पवार ने कहा कि उन्होंने देवेन्द्र फडणवीस के नेतृत्व में सरकार बनाने का समर्थन दिया है, इसलिए काम-काज में कोई दिक्कत नहीं आयेगी। शिवसेना शिंदे समूह के अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने कहा कि हमने देवेन्द्र फडणवीस को सरकार बनाने का समर्थन दिया है। इससे पहले हम सभी साथ मिल कर जनता के हित में काम कर रहे थे। शिंदे ने कहा कि पद महत्त्वपूर्ण नहीं है, हमें जनता के विकास कार्यों को प्रमुखता देनी है।

देवेन्द्र फडणवीस चुने गये भाजपा विधायक दल के नेता

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस को महाराष्ट्र भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। बुधवार को भाजपा के केन्द्रीय पर्यवेक्षक व गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने देवेन्द्र फडणवीस के नाम का विधायक दल के नेता के रूप में घोषित किया है। इस मौके पर भाजपा की केन्द्रीय पर्यवेक्षक और केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन भी मौजूद थीं। देवेन्द्र फडणवीस गुरुवार को तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
विधान भवन में आज भाजपा विधायक दल के नेता को चुनने के लिए एक बैठक आयोजित की गयी थी। इस बैठक में भाजपा विधायक चंद्रकांत पाटिल और सुधीर मुनगंटीवार ने भाजपा विधायक पद के लिए देवेन्द्र फडणवीस के नाम का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को विधायक पंकजा मुंडे, प्रवीण दरेकर , योगेश सागर और आशीष शेलार आदि विधायकों ने अनुमोदन किया। इसके बाद केन्द्रीय पर्यवेक्षक विजय रुपाणी ने पार्टी के विधायक दल नेता के रूप में देवेन्द्र फडणवीस की घोषणा की। इस पर देवेन्द्र फडणवीस ने सभी नेताओं के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
बैठक में मौजूद केन्द्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा में जिस तरह से भाजपा को जनादेश मिला है, वह देश के रुख को दर्शाता है। जनता रुकावट नहीं चाहती है। महाराष्ट्र में डबल इंजन की सरकार राज्य की जनता के विश्वास पर खरा उतरेगी। निर्मला सीतारमन ने कहा कि राज्य में बनी नयी सरकार कांग्रेस से हुए नुकसानों की भी भरपाई का प्रयास करने वाली है। नयी सरकार मुम्बई को देश का नम्बर वन शहर बनायेगी।

Share this:

Latest Updates