Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
Error
Location unavailable
🗓️ Tue, Apr 1, 2025 🕒 9:04 PM

हेमन्त सोरेन कैबिनेट का विस्तार, 11 मंत्रियों ने ली शपथ

हेमन्त सोरेन कैबिनेट का विस्तार, 11 मंत्रियों ने ली शपथ

Share this:

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने स्टीफन मरांडी को झारखंड विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर एवं राज्य मंत्रिपरिषद में शामिल सदस्यों को पद और गोपनीयता की दिलायी शपथ

राजभवन के अशोक उद्यान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कई सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, वरीय अधिकारी तथा कई गणमान्य रहे मौजूद

Ranchi news : झारखंड में हेमन्त सोरेन के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के छह दिन बाद गुरुवार 05 दिसम्बर को राजभवन के अशोक उद्यान में 11 मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शपथ दिलायी। झामुमो से 06, कांग्रेस से 04 और राजद से 01 विधायक को मंत्री बनाया गया है। इस दौरान प्रोटेम स्पीकर पद की भी शपथ दिलायी गयी।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सबसे पहले प्रो. स्टीफन मरांडी को प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ दिलायी। वहीं, मंत्री के रूप में राधाकृष्ण किशोर ने सबसे पहले मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद दीपक बिरुआ, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, रामदास सोरेन, इरफान अंसारी, हफीजुल हसन, दीपिका पांडेय सिंह, योगेन्द्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार और शिल्पी नेहा तिर्की ने मंत्री पद की शपथ ली।

मंत्रिपरिषद में छह नये चेहरों को जगह दी गयी है। नये चेहरों में झामुमो के चमरा लिंडा, सुदिव्य सोनू और योगेन्द्र प्रसाद, कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की एवं राधा कृष्ण किशोर और राजद के संजय प्रसाद यादव को हेमन्त कैबिनेट में जगह मिली है। मंत्रिपरिषद में झामुमो के 06, कांग्रेस के 04 और राजद के 01 विधायक को जगह मिली है। मधुपुर से विधायक हफीजुल हसन ने उर्दू और अन्य ने हिन्दी में शपथ ली। कांग्रेस कोटे से 02 महिलाओं को मंत्री बनाया गया है, जबकि झामुमो की ओर से एक भी महिला को मंत्री नहीं बनाया गया है। राज्य गठन के बाद पहली बार सवर्ण जाति से एक भी मंत्री नहीं बनाया गया है। पिछली बार गढ़वा से चुनाव जीते मिथिलेश ठाकुर ब्राह्मण चेहरे के तौर पर मंत्री बने थे। इस बार वह चुनाव हार गये।

पांचों प्रमंडल को साधने की कोशिश

हेमन्त मंत्रिपरिषद में संथाल परगना से 04 विधायकों को जगह दी गयी है। इसमें मधुपुर से हफीजुल अंसारी, जामताड़ा से इरफान अंसारी, महगामा से दीपिका पांडेय सिंह और गोड्डा से संजय प्रसाद यादव हैं। पलामू प्रमंडल से कांग्रेस विधायक राधाकृष्ण किशोर को शामिल किया गया है। कोल्हान से रामदास सोरेन और दीपक बिरूआ, दक्षिणी छोटानागपुर से दो और कोयलांचल से दो विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

झामुमो कोटे से ये बने मंत्री

रामदास सोरेन (घाटशिला)

दीपक बिरुआ (चाईबासा)

हाफिजुल हसन अंसारी (मधुपुर)

चमरा लिंडा (विशुनपुर)

सुदिव्य सोनू (गिरिडीह)

योगेन्द्र प्रताप (गोमिया)

कांग्रेस कोटे से ये बने मंत्री

डॉ. इरफान अंसारी (जामताड़ा)

दीपका पांडेय सिंह (महगामा)

शिल्पी नेहा तिर्की (मांडर)

राधाकृष्णा किशोर (छतरपुर)

राजद कोटे से ये बने मंत्री

संजय प्रसाद यादव (गोड्डा)

उल्लेखनीय है कि हेमन्त सोरेन ने राज्य के 14 वें मुख्यमंत्री के रूप में मोरहाबादी मैदान में 28 नवम्बर को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। उनके मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के छह दिन बाद गुरुवार को राजभवन के अशोक उद्यान में 11 मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी। विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को 56 सीटे मिलीं। इनमें झामुमो की 34, कांग्रेस की 16, राजद की 04, भाकपा माले की 02 सीटें शामिल हैं। भाजपा-नीत राजग को 24 सीटें मिलीं। राज्य की विधानसभा 81 सदस्यीय है।  

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दीं बधाई व शुभकामनाएं 

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रोटेम स्पीकर स्टीफन मरांडी एवं सभी नव नियुक्त मंत्रीगणों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कई सांसद, विधायक, वरीय अधिकारी एवं गणमान्य तथा नवनियुक्त मंत्री गणों के परिजन मौजूद थे।

आज होगी हेमन्त कैबिनेट की बैठक

झारखंड में गुरुवार को कैबिनेट के विस्तार के बाद शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक रखी गयी है। बैठक में कई जनकल्याणकारी योजनाओं पर फैसले लिये जा सकते हैं। बैठक दोपहर 03 बजे से प्रोजेक्ट भवन में होगी। मंत्रिमंडल सचिवालय और निगरानी विभाग (समन्वय) की ओर से गुरुवार को यह जानकारी दी गयी है।

Share this:

Latest Updates