Ranchi news : साल 2025 का तीसरा महीना मार्च दूसरे सप्ताह की समाप्ति पर है। इसी सप्ताह होलिका दहन और रंगों का उत्सव होली की तिथि भी पड़ रही है और यह संयोग है कि साल का पहला चंद्र ग्रहण भी इसी दरमियान आ रहा है। पूर्णिमा तिथि 13 मार्च 2025 को सुबह 10 बजकर 35 मिनट से शुरू हो रही है। समापन 14 मार्च 2025 को दोपहर 12 बजकर 23 मिनट पर हो रहा है। ऐसे में 13 मार्च को होलिका दहन है और एक दिन गैप के बाद 15 मार्च को होली मनाई जा रही है। इस साल का पहला चंद्र ग्रहण 14 मार्च को सुबह 9 बजकर 29 मिनट से दोपहर 3 बजकर 29 मिनट तक रहने वाला है। लेकिन भारत में यह चंद्र ग्रहण नजर नहीं आएगा।
होली पर कोई असर नहीं
इस साल लगने वाला पहला चंद्र ग्रहण भारत में नहीं दिखाई देगा इसलिए इसका सूतक काल भी यहां मान्य नहीं होगा और होली पर उसका कोई असर नहीं पड़ेगा। साल का पहला चंद्र ग्रहण ऑस्ट्रेलिया, यूरोप के अधिकांश भाग, अफ्रीका के बड़े हिस्से, प्रशांत, अटलांटिक और आर्कटिक महासागर, उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका, पूर्वी एशिया तथा अंटार्कटिका में स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा।
चंद्र ग्रहण की प्रक्रिया और सावधानी
चंद्र ग्रहण एक महत्वपूर्ण खगोलीय घटना है, जो सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा के एक सीधी रेखा में आने पर घटती है। सूर्य और चंद्रमा के बीच में होने की वजह से पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है। ग्रहण के समय गर्भवती महिलाओं को अधिक सावधानी बरतनी चाहिए। इस समय भूलकर भी खानपान का सेवन, बाहर आना-जाना व सुई से जुड़ा कोई भी कार्य न करें। ग्रहण होने पर पूजा-पाठ न करें, साथ ही मंदिर को भी नहीं छूना चाहिए।