▪︎ विवेकानंद जयंती पर 35 हजार से ज्यादा पीआरडी जवानों को मिला तोहफा
Lucknow News: विवेकानंद जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 35 हजार से ज्यादा पीआरडी जवानों को उपहार दिया। उन्होंने पीआरडी जवानों का मानदेय 500 रुपए प्रतिदिन बढ़ाने की घोषणा की।
लोकभवन के सभागार में रविवार को विवेकानंद जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 में उनकी सरकार ने पीआरडी जवानों का प्रतिदिन मानदेय 250 से बढ़ाकर 375 रुपए किया था। इसके बाद, 2022 में इसे 395 रुपए प्रतिदिन किया गया। अब, नए वित्तीय वर्ष से जवानों को 500 रुपए प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलेगा। सीएम योगी ने कहा, “इन जवानों की सेवा को देखते हुए हम यह बड़ा फैसला ले रहे हैं, ताकि उनका मनोबल और बढ़ सके।”उन्होंने कहा कि पीआरडी जवानों का काम शांति व्यवस्था बनाए रखना, सुरक्षा में सहयोग करना, और विकास कार्यों में भागीदारी निभाना है। सीएम ने कहा कि अगर इन जवानों को थोड़ा और प्रशिक्षण दिया जाए, तो ये आपदा राहत, बचाव कार्यों और ट्रैफिक व्यवस्था में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर सीएम ने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत माता के ऐसे सपूत थे, जिन्होंने भारत की प्राचीन आध्यात्मिक संस्कृति को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने 1893 में शिकागो समिट के जरिये दुनिया को भारत के महत्व, यहां की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के बारे में बताया था। स्वामी विवेकानंद अक्सर कहा करते थे कि जितनी बड़ी चुनौती हो, जीत उतनी ही शानदार होती है। यह युवाओं के लिए प्रेरणा है। उनकी इसी प्रेरणा को आत्मसात करके युवा आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राष्ट्रीय महोत्सव में प्रदेश के 63 नौजवानों ने भाग लिया था। इनमें से तीन ने स्वर्ण पदक प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रदेश के युवाओं के सामने कभी पहचान का संकट था, लेकिन आज यहां का युवा अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहा है। सीएम ने कार्यक्रम में राज्य स्तरीय स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किया। उन्होंने प्रांतीय रक्षक दल के मृतक जवानों के चयनित आश्रितों को चयन पत्र भी सौंपा। साथ ही एआई आधारित एकीकृत पोर्टल युवा साथी का शुभारंभ किया, जिसका उपयोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से एकीकृत कर युवाओं के लिए और अधिक उपयोगी बनाने के लिए किया जाएगा। सीएम ने युवा पीढ़ी को आगाह करते हुए कहा कि जो युवा अपनी जवानी में नशे की चपेट में आ जाए, उसका कोई भविष्य नहीं हो सकता है। नशा नाश का कारण बनता है। युवाओं को नशे के खिलाफ लड़ना होगा। इसके लिए युवक मंगल दल और महिला मंगल दल को भी आना होगा।
सीएम योगी ने पीआरडी के मृतक जवानों के आश्रितों को चयन पत्र वितरित किये। सीएम ने कहा कि 1948 में पीआरडी का गठन किया गया था। सीएम ने पीआरडी के जवानों के विभिन्न प्रशिक्षण पर जोर दिया। बोले-आपदा के समय उनकी बड़ी भूमिका हो सकती है। सीएम योगी ने पीआरडी के मृतक जवान के आश्रित बस्ती के मो. अमीर, बस्ती की कमला देवी, कानपुर नगर के माधव अवस्थी, अमरोहा के भपेंद्र और फतेहपुर के चंद्रशेखर को चयन पत्र सौंपा। इसके अलावा विवेकानंद युवा अवार्ड के तहत झांसी के अर्शप्रीत सिंह, बागपत के अमल, गोरखपुर की अर्पिता सिंह, चंदौली के अजीत कुमार सोनी, प्रतापगढ़ के सुंदरम तिवारी, बरेली के सत्यदेव आर्य, गाजीपुर के सिद्धार्थ राय, उन्नाव के अक्षय शुक्ला, बुलंदशहर के आर्यन गौड़ आदि को प्रमाण पत्र और चेक देकर सम्मानित किया। वहीं युवक मंगल दल अंबेडकर नगर के प्रवीण कुमार गुप्ता और अंकित गुप्ता, सिद्धार्थनगर के अभिषेक कुमार यादव और अरविंद कुमार यादव, वाराणसी के प्रिंस चौबे और अनिल विश्वकर्मा के साथ महिला मंगल दल जालौन की प्रवीणा, रामपुर की स्वाति, लखनऊ की अशिंका यादव और स्वाति यादव आदि को प्रमाण पत्र और चेक देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि देश में टीबी के खिलाफ अभियान चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2025 तक टीबी को देश से समाप्त करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए मरीजों को चिह्नित करने के साथ फ्री उपचार और दवा दी जा रही है। सीएम ने कहा कि देश वर्ष 2047 में दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरेगा। उस दिशा में हम सभी काे सामूहिक प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम में खेल व युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, महापौर सुषमा खर्कवाल आदि की उपस्थिति रही।