New Delhi news : पुरुषों का लम्बा कद उनकी तगड़ी पर्सनैलिटी का प्रतीक माना जाता है। इसे पाने के लिए लोग तरह-तरह के जतन करते हैं। लेकिन, आज हम आपको एक ऐसे देश के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां के मर्द सबसे लम्बे और बेहद स्मार्ट होते हैं। इतने स्मार्ट कि लड़कियां देखते ही फिदा हो जायें। लेकिन, इस सूची में भारतीय कहां ?
अधिकतर यूरोपीय देशों में पुरुषों की लम्बाई अन्य देशों की तुलना में अधिक
आपने दुनिया के सबसे लम्बे जीवित इंसान के बारे में सुना होगा। सुल्तान कोसेन, जिनकी लम्बाई 08 फीट 03 इंच है। तुर्की के किसान परिवार में जन्मे सुल्तान अपनी लम्बाई के कारण पूरी दुनिया में चर्चित हैं। लोग उनके साथ एक सेल्फी लेने के लिए बेताब रहते हैं। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि दुनिया में कौन-सा ऐसा देश है, जहां के मर्द सबसे लम्बे होते हैं? इतने स्मार्ट कि देखते ही लड़कियां फिदा हो जायें ! इस मामले में भारतीय किस नम्बर पर आते हैं…आइए जानते हैं।
अधिकतर यूरोपीय देशों में पुरुषों की लम्बाई अन्य देशों की तुलना में अधिक होती है। लेकिन, ट्यूलिप गार्डन और पवन चक्कियों के लिए मशहूर नीदरलैंड दुनिया के सबसे लम्बे पुरुषों का घर है। 195 देशों पर किये गये शोध से पता चला कि यहां 1996 में पैदा हुए पुरुषों का औसत कद 182.54 सेंटीमीटर है ; यानी हर इंसान लगभग 06 फीट के बराबर है। आप जान कर और भी हैरान होंगे कि 1914 में यहां के लोगों का औसत कद 169..4 सेंटीमीटर हुआ करता था ; यानी तकरीबन 100 साल में कद 13 सेंटीमीटर बढ़ गया।
भारतीयों की लम्बाई में हुआ इजाफा
दुनिया के अधिकतर देशों में पुरुषों की लम्बाई में इजाफा हुआ है। आवर वर्ल्ड इन डेटा की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के लोगों की 1914 में जहां औसत लम्बाई 171.08 सेंटीमीटर थी, वह अब बढ़ कर 177.13 सेमी हो गयी है। इसी तरह ब्रिटेन में औसत कद 166.8 सेंटीमीटर हुआ करता था, लेकिन अब यह 177.49 सेमी यानी लगभग 05 फीट 10 इंच है। भारत के पड़ोसी देशों की बात करें, तो पाकिस्तान के लोगों का कद लगभग उतना ही है, जितना तकरीबन 100 साल पहले था। उस समय उनका कद 165.68 था और अब 166.96 सेंटीमीटर है। भारत के लोगों की लम्बाई में इजाफा हुआ है। 100 साल पहले यह 161.96 सेंटीमीटर था, जो अब बढ़ कर 164.95 हो गया है ; यानी तकरीबन 05 फीट 04 इंच।
यहां सबसे कम लम्बाई वाले मर्द
सबसे अधिक कद वाले शीर्ष 10 देशों की सूची में नीदलैंड के बाद बेल्जियम, एस्टोनिया, लातविया, डेनमार्क, बोस्निया, क्रोएशिया सर्बिया, आइसलैंड और चेक रिपब्लिक का नाम है। इन देशों में मर्दों की औसत लम्बाई सबसे अधिक है। महिलाओं की बात की जाये, तो लातविया सबसे ऊपर है। यहां महिलाओं की लम्बाई 170 सेंटीमीटर से भी ज्यादा है। दूसरी ओर, सबसे छोटे कद वाले देशों की बात की जाये, तो पूर्वी तिमोर सबसे ऊपर आता है। यहां पुरुषों की औसत लम्बाई सिर्फ 159.79 सेमी यानी 05 फीट 02 इंच है। इसके बाद यमन 159.89 सेमी, लाओस 160.52 सेमी, मेडागास्कर 161.55 सेमी और मलावी 162.23 सेमी का नम्बर आता है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार, 1940 में दुनिया का सबसे लम्बा आदमी रॉबर्ट वाडलो 272 सेमी 08 फीट 11 इंच का था। आज दुनिया का सबसे छोटा आदमी, जो आज भी जीवित है, अफशीन ग़दरज़ादेह, वह 65.24 सेमी ; यानी 02 फीट 02 इंच का है।