Ranchi news : होली पर्व को लेकर राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। सुरक्षा को लेकर राज्य में लगभग दस अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गयी है। होली को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट मोड में है। डीजीपी अनुराग गुप्ता के निर्देश पर राज्यभर में अतिरिक्त पुलिस फोर्स की तैनाती की गयी है।
पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता ने बताया कि इस होली के दिन रमजान का जुमा पड़ रहा है। इसे लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस मुख्यालय ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सुरक्षा के मद्देनजर विशेष निर्देश दिये हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। साथ ही, सभी थाना प्रभारियों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिये गये हैं। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने पीसीआर, टाइगर पुलिस और बीट पुलिस से भी लगातार सम्पर्क स्थापित करते रहने के निर्देश दिये गये हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 24 जिलों में कानून-व्यवस्था के लिए जैप, आईआरबी सहित अन्य बलों की तैनाती की जायेगी। शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस मुख्यालय ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिये हैं। साथ ही, रांची, हजारीबाग, गिरीडीह, दुमका, जमशेदपुर में रैप की कम्पनी भी तैनात रहेगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी की भी तैनाती की गयी है। सभी को दंगा रोधी सुरक्षा उपकरणों से लैस होकर तैनात रहने के निर्देश दिये गये हैं। इसके अलावा सभी एसएसपी और एसपी को अपने-अपने जिले में होली पर्व को लेकर विशेष सर्तकता बरतने के निर्देश दिये गये हैं। वहीं, दूसरी ओर होली पर्व को लेकर राज्य में विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए कुल 4420 होमगार्ड के जवानों को सुरक्षा में लगाया गया है।
आईजी अभियान एवी होमकर ने गुरुवार को बताया कि होली को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गयी है।उन्होंने बताया कि राजधानी रांची में होली पर्व को लेकर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। जिले भर में लगभग 2000 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गयी है।
रांची के सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि जिले भर में अतिरिक्त 2000 पुलिस बल तैनात किये गये हैं। रांची जिला बल के अलावा, रैफ, रैप और होमगार्ड के जवानों को लगाया गया है। सभी थानों में क्विक रिस्पांस टीम भी तैनात की गयी है। रांची के कचहरी स्थित कंट्रोल रूम में आपात स्थिति के लिए अग्निशमन वाहन और एम्बुलेंस को तैनात रखा गया है।
उन्होंने बताया कि होली के दौरान अक्सर लोग शराब पीकर वाहन चलाते हैं। ऐसे वाहन चालकों पर नकेल कसने के लिए ट्रैफिक पुलिस को मुस्तैद रहने के निर्देश दिये गये हैं। तेज रफ्तार वाहन चलानेवालों पर भी नजर रखने को कहा गया है। साथ ही, साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़नेवालों पर खास नजर रखने को कहा गया है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर साइबर सेल को नजर रखने के निर्देश दिये गये हैं।