▪︎ सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध : हेमन
Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शुक्रवार को झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में झारखंड विधानसभा की महिला सदस्यों (विधायकों) ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी महिला मंत्री एवं विधायकों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड विधानसभा में आपकी उपस्थिति मात्र से ही नारी शक्ति को बल मिलता है। सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, आप सभी सदन में महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलम्बन और सशक्तीकरण की आवाज हैं।आधी आबादी की भागीदारी से ही देश, राज्य और समाज का होगा सर्वांगीण विकास मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी की भागीदारी से ही देश, राज्य और समाज के सर्वांगीण विकास का रास्ता खुलता है।
सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध
हमारी सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना जैसी कई योजनाओं के माध्यम से आधी आबादी को सशक्त बनाया जा रहा है।महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल कर राज्य का बढ़ाया है मान-सम्मान मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मुझे इस बात का गर्व है कि झारखंड की महिलाओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल समेत अनेक क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में एक नया मुकाम हासिल कर रही हैं। महिलाएं अपनी मंजिल और मुकाम को हासिल करने में कामयाब हों, इसके लिए सरकार पूरा सहयोग करने को तैयार है। एक बार फिर आप सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बहुत-बहुत बधाई।’
महिला विधायक और मंत्री थीं मौजूद
इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक डॉ. नीरा यादव, विधायक लुइस मरांडी, विधायक सविता महतो, विधायक रागिनी सिंह, विधायक ममता देवी, विधायक पूर्णिमा दास साहू, विधायक श्वेता सिंह और विधायक मंजू कुमारी मौजूद थीं।