केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति भी होंगे शामिल
National News : सर संघचालक मोहन भागवत को 30 जुलाई को श्रीमद दयानन्द कन्या गुरुकुल महाविद्यालय चोटीपुरा, अमरोहा में आगमन हो रहा है। वह इस गुरुकुल महाविद्यालय में निर्मित नूतन भवन- संस्कृति-नीडम् का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के कुलपति आचार्य प्रो. श्रीनिवास वरखेडी की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। महर्षि दयानन्द सरस्वती की 200वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में इस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी गुरुकुल की मुख्य अधिष्ठात्री एवम् प्राचार्या डॉ. सुमेधा ने दी है।
आवासीय महाविद्यालय में पढ़ रही हैं 1200 छात्राएं
इसके तहत उपनयन वेदारम्भ संस्कार 11 बजे से 11ः45 तक चलेगा। नूतन भवनोद्घाटन और वृक्षारोपण 11ः45 से 12ः10 तक होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम 02 बजे से 4ः30 तक चलेंगे। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय जनकपुरी, नई दिल्ली से संबद्ध इस नूतन महाविद्यालय भवन में शास्त्री और आचार्य की कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। इसमें कुल 32 कक्ष निर्मित किए गए हैं,जिनमें 20 लघु और 12 बृहद् कक्ष हैं। इस गुरुकुल में 20 प्रांतों की 1200 बालिकाएं आवासीय व्यवस्था में विद्याभ्यास एवम् व्रताभ्यास की शिक्षा ग्रहण कर रही हैं।

नूतन छात्राओं का होता है उपनयन व वेदारम्भ संस्कार
डॉ. सुमेधा ने कहा कि पुरातन सनातन परम्परा का पालन करते हुए ऋषियों के सिद्धांतों को अगली पीढ़ी में पहुंचाने के लिए प्रतिवर्ष गुरुकुल में नूतन प्रविष्ट छात्राओं का उपनयन और वेदारम्भ संस्कार किया जाता है। इस वर्ष यह पवित्र संस्कार 30 जुलाई को हो रहा है। डॉ. सुमेधा ने बताया कि नूतनोपनयन के लिए सभी ब्रहमचारिणी दोनों महानुभावों का आशीर्वाद प्राप्त करेंगी। उल्लेखनीय है, 1988 में स्थापित यह गुरूकुल 10 एकड़ में आच्छादित है। गुरुकुल की छात्राओं का हमेशा स्वर्णिम करियर रहा है। आईएएस और आईपीएस चयन से लेकर खेलों की राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पार्धाओं में सैकड़ों मेडल्स यहां की छात्राओं की झोली में हैं। नेट और जेआरएफ उत्तीर्ण करने वालों का प्रतिशत भी गौरवमयी है।