होम

वीडियो

वेब स्टोरी

हमारी सेना विषम परिस्थितियों में भी देश सेवा करती है : संतोष गंगवार

Ksena

Share this:

‘सशक्त सेना, समृद्ध भारत’ प्रदर्शनी का राज्यपाल ने किया शुभारम्भ

Ranchi News: राज्यपाल संतोष गंगवार ने ‘सशक्त सेना, समृद्ध भारत’ प्रदर्शनी  के लिए पूर्वी कमान को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी हमारी सेना के समर्पण, शहादत और देश सेवा का प्रतीक है। युवाओं के प्रेरणा देनेवाली यह प्रदर्शनी देश सेवा का जज्बा पैदा करनेवाली है। हमारी सेना विषम परिस्थितियों में भी देश सेवा करती है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने कहा था कि भारत देश सिर्फ भूमि का टुकड़ा नहीं है, यह वंदन की भूमि है, अभिनन्दन की भूमि है। आत्मनिर्भर भारत हमारे देश की प्रगति की पहचान है। सेना के त्याग और समर्पण से ही हमारी सरहदें सुरक्षित हैं। राज्यपाल श्री गंगवार शुक्रवार को रांची में पूर्वी कमान द्वारा मोरहाबादी मैदान में आयोजित 06 से 08 सितम्बर तक चलनेवाले ‘सशक्त सेना, समृद्ध भारत’ प्रदर्शनी के शुभारम्भ के दौरान बोल रहे थे। 

राज्यपाल ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए राष्ट्र के प्रति नि:स्वार्थ सेवा और समर्पण के लिए सैन्य बलों की प्रशंसा की। उन्होंने उन्हें विशेष रूप से युवाओं के लिए साहस और अनुशासन का प्रतीक बताया। 

‘भारत की सेना दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सेना है, हजारों किलोमीटर की सरहद इन्हीं की वजह से है सुरक्षित: संजय सेठ

केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि यह सौभाग्य है कि राजधानी रांची में इस प्रकार का आयोजन होने जा रहा है। ‘सशक्त सेना, समृद्ध भारत’ का यह कार्यक्रम यह बताता है कि भारत की सेना दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सेना है। हजारों किलोमीटर की सरहद यदि सुरक्षित है, तो इन्हीं की वजह से है। तिरंगे की आन-बान-शान की रक्षा के लिए लगातार चौकसी करते हैं हमारे जवान। उन्होंने कहा, ‘माइनस 40 डिग्री में भी सरहदों की सेवा करने के जज्बे को मैं सलाम करता हूं। आम लोगों तक सेना के शौर्य, उपकरण और सेना में नियुक्तियों की विधि से परिचित कराने का अद्भुत प्रदर्शन है। हमारी सेना के काम, अस्त्र-शस्त्र और सेना में अपना भविष्य बनाने के लिए यह प्रदर्शनी युवा पीढ़ी के लिए मील का पत्थर साबित होगी। मुझे भरोसा है कि झारखंड के लोग इस प्रदर्शनी से प्रेरणा लेंगे।’ 

संजय सेठ ने कहा, ‘हम रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहे हैं और इस दिशा में काफी आगे बढ़ चुके हैं। आज हमारा देश 85 देशों को अस्त्र-शस्त्र का निर्यात कर रहा है और यह निरन्तर बढ़ रहा है। दो कॉरिडोर उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में बने हैं। पूर्व सैनिकों के लिए भी मेले का आयोजन हो रहा है, यह खुशी दोगुनी करनेवाला है। जॉब फेयर भी फुटबॉल मैदान में लग रहा है। यह रांची के लिए अद्भुत क्षण है।’

प्रदर्शनी में लेफ्टिनेंट जनरल रामचंद्र तिवारी, पूर्वी कमान ने राज्यपाल और  रक्षा राज्य मंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किये। इसके बाद उन्होंने विभिन्न प्रदर्शनियों का दौरा किया और रांची में सशक्त सेना समृद्ध भारत प्रदर्शनी के आयोजन में सैन्य बलों के उल्लेखनीय प्रयासों को स्वीकार किया। यह प्रदर्शनी भारतीय सैन्य बलों और देश के नागरिकों के बीच बंधन को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

प्रदर्शनी में भारतीय सैन्य बलों के शौर्य और पराक्रम को दर्शाया गया

बता दें कि प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिक समाज और सैन्य बलों के बीच सम्बन्धों को मजबूत करना और राष्ट्र के युवाओं को प्रेरित करना करना है। प्रदर्शनी में अत्याधुनिक सैन्य हथियारों और उपकरणों की प्रदर्शनी देखने का मौका मिला, जिसमें भारतीय सैन्य बलों के शौर्य और पराक्रम को दर्शाया गया है। प्रदर्शनी में नयी पीढ़ी के उन्नत हथियार, जैसे सिग सॉयर और एके 203 राइफल्स, नेगेव लाइट मशीन गन, इन्फैंट्री मोर्टार, एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल और लोइटर म्यूनिशन सिस्टम भी दिखाई दिये। लॉन्ग रेंज आर्टिलरी गन, बोफोर्स और अल्ट्रा लाइट होवित्जर, एंटी एयरक्राफ्ट गन और एयर डिफेंस रडार भी प्रदर्शित किये गये। दर्शकों को बेहद सक्षम आधुनिक सैन्य वाहनों को देखने का अवसर मिला, जिसमें आॅल टेरेन व्हीकल, हाई मोबिलिटी रिकोनेसेंस व्हीकल, स्पेशलिस्ट मोबिलिटी व्हीकल और रफ टेरेन लॉजिस्टिक व्हीकल शामिल थे। वायुसेना की आकाशगंगा टीम द्वारा लड़ाकू फ्री फॉल के लाइव प्रदर्शन और इन्फेंट्री सैनिकों द्वारा विभिन्न लड़ाकू सिमुलेशन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। निगरानी से लेकर रसद तक की क्षमताओं वाले सैन्य ड्रोनों की एक विस्तृत शृंखला ने स्वदेशी तकनीकी कौशल और आत्मनिर्भरता का प्रदर्शन किया गया।

वहीं, सैन्य बलों की गतिविधियों और उपकरणों का अनुभव देने के लिए विशेष स्टॉल बनाये गये थे, जिसमें नाइट विजन डिवाइस और हथियार प्रशिक्षण सिमुलेटर से लैस निगरानी कक्ष शामिल थे। चयनित छात्रों को हॉट एयर बैलून की सवारी करने और विमानों के स्थिर प्रदर्शन को देखने का अवसर दिया गया। दर्शकों पर फूलों की वर्षा करनेवाले माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट फ्लाईपास्ट की साहसिक गतिविधियों और डेयरडेविल्स आर्मी मोटरसाइकिल टीम के लुभावने स्टंट ने लोगों को रोमांचित कर दिया। हेलीकॉप्टरों के फ्लाईपास्ट के बाद भारतीय वायु सेना के हॉक जेट्स ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

दर्शकों ने मार्शल आर्ट और सांस्कृतिक प्रदर्शनों का आनन्द लिया

सैन्य बैंड ने मार्शल धुनों के साथ समारोह को और भी आकर्षक बना दिया, जिससे दर्शकों ने मार्शल आर्ट और सांस्कृतिक प्रदर्शनों का आनन्द लिया। प्रदर्शनी में पूर्वी कमान और कारगिल युद्ध की समृद्ध विरासत और इतिहास को उजागर करनेवाले प्रदर्शन भी शामिल थे। मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियानों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में भारतीय सैन्य बलों के योगदान को भी प्रदर्शित किया गया। सैन्य बलों में करियर बनाने के लिए छात्रों को मार्गदर्शन और जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित स्टॉल लगाये गये। भारतीय वायु सेना और नौसेना द्वारा भी सूचनात्मक स्टॉल लगाये गये।

Share this:




Related Updates


Latest Updates