Patna news : बिहार के बेगूसराय में अपराधियों ने केन्द्रीय राज्य मंत्री और मुजफ्फरपुर के सांसद डॉ. राजभूषण चौधरी के मामा मलिक सहनी को गुरुवार देररात गोली मार दी। वह गम्भीर रूप से घायल हो गये। उन्हें सदर अस्पताल बेगूसराय में भर्ती कराया गया है। यह घटना चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुंभी गांव स्थित भगवती स्थान चौक की है। मलिक सहनी अपनी दुकान बंद कर रहे थे, तभी फायरिंग हुई और गोली उन्हें लग गयी। पुलिस के मुताबिक, मलिक सहनी दुकान बंद कर लौट रहे थे तभी हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान एक गोली सहनी के पैर में लग गयी और वह बेहोश होकर वहीं गिर गये। इसके बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गये। सहनी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि मलिक सहनी केन्द्रीय राज्यमंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी के चचेरे मामा हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया है कि पिछले दिन उनके पुत्र के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के कारण अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। सहनी के पुत्र विशाल कुमार ने बताया कि एक दिन पहले ही गांव के रहनेवाले अपराधी ने रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर उसने गालियां दीं और मारपीट की। बीती रात तीन अपराधी एक बाइक से आये और अंधाधुंध फायरिंग की। एक गोली उनके पिता को लग गयी। एसपी मनीष ने बताया कि तीन बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। एक बाइक जब्त कर ली गयी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बिहार के बेगूसराय में अपराधियों ने केन्द्रीय राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी के मामा को मारी गोली

Share this:
Share this:

