होम

वीडियो

वेब स्टोरी

इंडी गठबंधन वाले पहले ही मान चुके हैं हार, शहजादे को अपनी उम्र से भी कम सीटें मिलने जा रहीं : मोदी 

IMG 20240511 WA0005

Share this:

Chatra News, Chatra update : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को चतरा जिले के सिमरिया-टंडवा में आयोजित जनसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और झामुमो पर जम कर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि लोगों की भीड़ बता रही है कि चार जून को क्या नतीजे आयेंगे। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन वाले पहले ही हार मान चुके हैं। मोदी ने चतरा लोकसभा सीट से कालीचरण सिंह और हजारीबाग से मनीष जायसवाल के पक्ष में वोट मांगे। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि शहजादे को अपनी उम्र से भी कम सीटें मिलने जा रही हैं। साथ ही, कहा कि पूरा गठबंधन सिर्फ इस बात की कोशिश कर रहा है कि उन्हें विपक्ष का दर्जा मिल जाये।

यहां नेताओं के पीएस के घर से भी नोटों के पहाड़ निकल रहे

मोदी ने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है। यहां नेताओं के पीएस के घर से भी नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब पीएस और उसके नौकर के घर में इतने पैसे निकल रहे हैं, तो आप अंदाजा लगा सकते हैं कि उनके पास कितने पैसे होंगे। बेशर्मी देखिए, इतने नोट निकलने के बाद शर्म से आंखें झुक जानी चाहिए, लेकिन इन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। साथ ही, कहा कि इस काले धन को सिर्फ एक ही व्यक्ति बाहर ला सकता है, जिसके ऊपर एक भी दाग नहीं लगा। वह सिर्फ आपका बेटा मोदी है।

कांग्रेस की सरकार आयी, तो वे सम्पत्ति की जांच करायेंगे

मोदी ने कहा कि कांग्रेस का पंजा दलितों, ओबीसी, एसटी और एससी आरक्षण को छीनने में लगा हुआ है। उन्होंने धर्म के नाम पर आरक्षण का विरोध किया। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे आजकल नया फॉर्मूला लेकर आ रहे हैं। वे आपकी सम्पत्ति की जांच करायेंगे। कितनी जमीन है, इसकी भी जांच की जायेगी। फिर वे आपकी आधी सम्पत्ति लेकर घुसपैठियों में बांट देंगे। वे ऐसा कानून लानेवाले हैं।

जेएमएम-कांग्रेस का एक ही एजेंडा, ना करेंगे, ना करने देंगे

मोदी ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले विकास में रोड़ा हैं। झामुमो और कांग्रेस का एक ही एजेंडा है, ना कुछ करेंगे और ना ही करने देंगे। उन्होंने कहा कि ये भ्रष्टाचार के अलावा कुछ करते भी नहीं हैं। मोदी जो काम करता है, उसे भी ये करने नहीं देते हैं। साथियों, मैं गरीब परिवार में पैदा हुआ हूं। गरीबी क्या होती है, मैं जानता हूं। इसीलिए मैं चाहता हूं कि मेरे देश के गरीब का चूल्हा जलता रहना चाहिए, लेकिन ये लोग चाहते हैं कि मोदी का भेजा राशन आपको मिले ही नहीं।

मोदी ने कहा कि आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति बनना देश के लिए अभिमान है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों ने राजकुमार राम को मर्यादा पुरुषोत्तम बना दिया था। इंडी गठबंधन ने झारखंड में सिर्फ अफीम उद्योग लगाया है। झारखंड सरकार इसे संरक्षण दे रही है। साथ ही, कहा कि इंडी गठबंधन की सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। झारखंड में झामुमो सरकार घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। गरीब आदिवासियों की बेटियों की इज्जत लूटी जा रही है। हर घर जल पहुंचाने के लिए नल-जल योजना शुरू की गयी है, लेकिन झारखंड सरकार इसे रोकने में लगी है।

झारखंड में अफीम का उद्योग लगा

मोदी ने कहा कि मैं चाहता हूं कि आदिवासियों के बच्चे भी ज्यादा से इंजीनियर डॉक्टर बने। इसी को ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार की ओर से स्थानीय भाषाओं में हायर स्टडी को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। लेकिन, ये लोग विरोध कर रहे हैं। झारखंड में एक ही उद्योग लगा, अफीम का उद्योग। ये आपके बच्चों को नशे के दलदल में धकेलना चाहते हैं।

लोकसभा चुनाव देश बनाने का चुना

मोदी ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं है, यह चुनाव देश बनाने का चुनाव है। यह चुनाव चोर लुटेरों से देश को बचाने का चुनाव है। यह चुनाव आपके बच्चों का भविष्य सुनिश्चित करने का चुनाव है। आप तो जानते हैं कि वे कौन लोग हैं, जिनसे देश को बचाना जरूरी है। कांग्रेस, जेएमएम और इंडी गठबंधन के दलों से देश को बचाना जरूरी है।

विधानसभा में भी भारी बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी

मोदी ने कहा, ‘मैं बड़ी जिम्मेवारी के साथ कह रहा हूं कि लोकसभा चुनाव के साथ ही जहां-जहां विधानसभा के लिए चुनाव हो रहे हैं, वहां भी भारी बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि शाहजादे की पार्टी को उनकी उम्र से भी कम सीटें मिलेंगी।

वे क्षेत्रीय पार्टियों का अस्तित्व खत्म कर देना चाहते हैं

मोदी ने कहा कि ये जो छोटे-छोटे दल हैं, उन सबको अपना विलय कांग्रेस में कर देना चाहिए। मैं सोच रहा था कि ऐसा सुझाव उन्होंने क्यों दिया। क्योंकि, उनके मन में हताशा घर कर गयी है। वह क्षेत्रीय पार्टियों का अस्तित्व खत्म कर देना चाहते हैं। पिछले तीन चरण के मतदानों के रुझान के बाद उन्होंने ऐसा सुझाव दिया है। विपक्ष को जितनी सीटें चाहिए ; यानी दस प्रतिशत होती है, उनको लग रहा इतनी भी नहीं आयेंगी। यदि विलय कर देंगे, तो मान्य विपक्ष के रूप में उनको मान्यता मिल जाये। देश के मतदाताओं ने तीन चरणों में ही ऐसा सबक सिखा दिया है कि वे अब विपक्ष में बैठने के लिए मान्यता के जुगाड़ में जुटे हैं।

गिरिडीह में नरेन्द्र मोदी की रैली 14 को, दो हजार अतिरिक्त जवान रहेंगे तैनात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 मई को झारखंड के गिरिडीह जिले के बिरनी में रैली करेंगे। इस दौरान मोदी की सुरक्षा में चप्पे-चप्पे पर हथियाबंद जवान तैनात रहेंगे। इसके लिए दो हजार अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती होगी। इसमें 50 इंस्पेक्टर, 280 एसआई और एएसआई, 1146 लाठी बल, 50 यातायात पुलिसकर्मी, दो बीडीएस की टीम, दो हिट टीम, तीन डॉग स्कवाईड सहित इको की आधा दर्जन टीमें तैनात रहेंगी। आसपास के जिलों और ट्रेनिंग सेंटर से भी पुलिस बल बुलाया गया है। इस दौरान यातायात व्यवस्था भी बदली रहेगी। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व पीएम मोदी गिरिडीह के जमुआ में आये थे।

ओड़िशा में बोले प्रधानमंत्री : आपका हर वोट समृद्ध भारत के लिए महत्त्वपूर्ण

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा के कंधमाल में शनिवार को चुनानी जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव ओड़िशा के लोगों के लिए बहुत महत्त्व रखता है। आपका हर वोट ओड़िशा के विकास और समृद्ध भारत के लिए महत्त्वपूर्ण है। आपका हर एक वोट भाजपा सरकार को सक्षम बनायेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान के पोखरण में 11 एवं 13 मई 1998 को किये गये परमाणु परीक्षण को याद किया। उन्होंने कहा कि आज से 26 साल पहले अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने परमाणु परीक्षण कर दुनिया को भारत की ताकत दिखायी थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के बयान पर पलटवार भी किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार अपने ही देश को डराने की कोशिश करती है। मणिशंकर के ‘सम्भल कर चलो, पाकिस्तान के पास एटम बम है’ से जुड़े बयान पर मोदी ने कहा कि पाकिस्तान की हालत ऐसी है कि उसे नहीं पता कि इसे कैसे रखा जाये और वे अपने बम बेचने के लिए खरीदार की तलाश कर रहे हैं, लेकिन कोई भी उन्हें खरीदना नहीं चाहता, क्योंकि लोग उनकी गुणवत्ता के बारे में जानते हैं।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव ओड़िशा के लोगों के लिए बहुत महत्त्व रखता है। आपका हर वोट ओड़िशा के विकास और समृद्ध भारत के लिए महत्त्वपूर्ण है। आपका एक वोट भाजपा सरकार को सक्षम बनायेगा, ओड़िशा में डबल इंजन सरकार लायेगा। उल्लेखनीय है कि ओड़िशा में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव होना है। रैली में उमड़ी भीड़ के साथ खुला संवाद करते हुए मोदी ने कहा कि भाजपा विकास और विरासत ; दोनों में विश्वास करती है। भाजपा शासन में देश ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के साथ 500 साल की आकांक्षा पूरी की। क्या आपको यह देख कर गर्व नहीं हुआ? ओड़िशा में राज्य भाजपा ओड़िया भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसा कोई बेटा या बेटी, जो ओड़िशा की मिट्टी से निकला हो, यहां की संस्कृति को समझता है, उसका भाजपा का मुख्यमंत्री बनना तय है।

एक संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सात दशक पहले श्रीजगन्नाथ मंदिर के प्रबंधन के लिए नियम बनाये गये थे। इन नियमों में सोना, चांदी और कीमती पत्थरों सहित मंदिर की चल-अचल सम्पत्तियों के रिकॉर्ड का रखरखाव शामिल था। श्री रत्न भंडार में खजाने का अंतिम बार मूल्यांकन 45 साल पहले हुआ था। आधिकारिक रूप से श्री रत्न भंडार करीब 40 साल से नहीं खुला है। हैरानी की बात यह है कि श्री रत्न भंडार के गर्भगृह के आंतरिक कक्ष की चाबियां पिछले 6 साल से लापता हैं। क्या आपको ये जानने का अधिकार नहीं है कि ये चाबियां कहां गयीं? राज्य सरकार का दावा है कि डुप्लिकेट चाबियां मिल गयी हैं, लेकिन ये कैसे और किसने बनायीं, किसी को नहीं पता है। जांच आयोग को सौंपने के बावजूद ओड़िशा सरकार ने रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की है। भाजपा इस मुद्दे को हल करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम पूछते हैं कि बीजद सरकार इससे क्यों बच रही है? इस मामले की जांच राज्य सरकार ने एक आयोग को सौंपी थी, लेकिन वह रिपोर्ट आज तक ओड़िशा सरकार ने सार्वजनिक नहीं की है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब पूरे भक्तिभाव से यह विषय उठा रही है। आखिर क्यों बीजेडी सरकार इस विषय से भाग रही है। आखिर ऐसी क्या मजबूरी है? आखिर राज्य सरकार किसे बचाने की कोशिश कर रही है?

Share this:




Related Updates


Latest Updates