12 चयनित एथलीट राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेंगे

खेल टीमवर्क, अनुशासन, नेतृत्व एवं समय प्रबंधन जैसे गुणों को विकसित करता है : सुमंत कुमार मिश्रा
Dhanbad news:विद्या भारती के तत्वावधान में इंदिरा गांधी रंगभूमि मैदान पूर्णिया में 07 से 09 अक्टूबर को आयोजित क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में राजकमल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के लिए कीर्तिमान स्थापित किया। साथ ही, अपनी प्रतिभा का भी प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्राचार्य सुमंत कुमार मिश्रा ने मीडिया को बताया कि विद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है ।क्षेत्रीय स्तर पर होनेवाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के द्वारा हासिल किये गये 35 स्वर्ण, 07 रजत तथा 03 कांस्य पदक खिलाड़ियों के मन में दृढ़ संकल्प और परिश्रम को दर्शाता है। श्री मिश्रा ने कहा कि खेलकूद मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है, तनाव कम करता है, एकाग्रता बढ़ाता है। इसके अलावा खेल टीमवर्क, अनुशासन, नेतृत्व और समय प्रबंधन जैसे गुणों को विकसित करता है। ज्ञातव्य है कि क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करनेवाले 12 एथलीट राष्ट्रीय खेल कूद प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
विद्यालय के खेल शिक्षक गौरीशंकर सिंह व शिक्षिका वेणु रानी ने बताया कि चार एथलीटों को व्यक्तिगत चैंपियनशिप प्राप्त हुआ। इन चारों ने पांच पांच स्वर्ण पदक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। व्यक्तिगत चैंपियनशिप प्राप्त करनेवाले शालिनी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, वैष्णवी कुमारी, वेद प्रकाश शर्मा विशेष धन्यवाद के पात्र हैं।
विजयी एथलीटों में एस अनंता, लक्ष्मी कुमारी, प्राची राज, साक्षी सिंह, शालिनी कुमारी, अलका कुमारी, वैष्णवी कुमारी, वेद प्रकाश शर्मा, आयुष कुमार, रणवीर राजभर, प्रतीक कुमार, प्रिंस तिवारी, अभिषेक नारायण ठाकुर, रुद्रनिल मोदक, अमन कुमार एवं लव कुमार के नाम शामिल है।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर विद्यालय के संरक्षक शंकर दयाल बुधिया, अध्यक्ष विनोद कुमार तुलस्यान, उपाध्यक्ष रवीन्द्र कुमार पटनिया, सचिव संजीव अग्रवाल, सहसचिव दीपक रुइया, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर अग्रवाल, विद्यालय प्रबंध समिति के अधिकारी एवं सदस्य गण, प्राचार्य सुमंत कुमार मिश्रा, उप प्राचार्य मनोज कुमार, उप प्राचार्या लीला सिंह, प्रभारी प्रतिमा चौबे, कमलनयन, पार्थ सारथी सरकार, सुमोना दीक्षित एवं छंदा बनर्जी ने विजयी प्रतिभागियों को बधाई दी एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



