होम

वीडियो

वेब स्टोरी

झारखंड में घटी है हिन्दुओं की जनसंख्या : हिमंत विस्वा सरमा

IMG 20240810 WA0007

Share this:

Ranchi news : असम सरकार के मुख्यमंत्री एवं विधानसभा चुनाव के भाजपा के सह प्रभारी हिमंत विश्व सरमा ने कहा कि हेमन्त सोरेन सरकार से राज्य के युवा निराश हैं। वे विधानसभा चुनाव में उनके खिलाफ वोट कर नाराजगी जाहिर करेंगे। बांग्लादेश के हालात पर उन्होंने कहा कि जिस तरह वहां हिन्दुओं पर हमले हो रहे हैं, वैसी ही परिस्थितियां भारत के झारखंड, असम और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में हैं। यहां हिन्दुओं की जनसंख्या घटी है। असम में हिन्दू जनसंख्या में 10 फीसदी, जबकि बांग्लादेश में 13 प्रतिशत की कमी आयी है। हिमंत विश्व सरमा भाजपा मोर्चा के तत्वावधान में युवा आक्रोश रैली योजना सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। इसमें 23अगस्त को होनेवाली रैली की तैयारी पर विस्तृत चर्चा की गयी।

असम के सीएम ने कहा कि मंईयां योजना भी धोखा है। दो महीने तक दो हजार देने की बात कर रहे, लेकिन बेटी-बहनों को दलाल बिचौलिए फार्म भरने में ही एक हजार लूट ले रहे। हेमन्त सरकार को कम्प्यूटर ने भी रिजेक्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की माताओं-बहनों को दो हजार रुपये नहीं, बल्कि भाई और बेटे को नौकरी चाहिए। राज्य सरकार के पास राज्य के बेरोजगार युवाओं का पिछले 60 महीना का तीन लाख बकाया है, जिसे व्याज सहित मांगने के लिए राज्य का युवा हकदार है। 

हिमंत ने कहा कि किसानों की ऋण माफी की बात भी धोखा है। जबतक राज्य सरकार बैंक को पैसा नहीं देगी, तब तक बैंक एनओसी नहीं देता है। उन्होंने कहा कि यह वादा करने में माहिर सरकार है, लेकिन निभाती तो भाजपा की सरकार है। भाजपा की सरकार जो वादा करके आती है, उसे निभाती है;  चाहे केन्द्र की हो या फिर प्रदेशों की। उन्होंने कहा कि 23 अगस्त को राज्य का एजेंडा अब राज्य का युवा तय करेगा। आज राज्य में दो ही प्रमुख मुद्दे हैं। एक तरफ राज्य सरकार की वादा खिलाफी पर जनता में आक्रोश, दूसरी तरफ घुसपैठियों से राज्य को बचाना।

आम जनता परेशान, कानून व्यवस्था ध्वस्त : बाबूलाल मरांडी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज राज्य में आम जनता परेशान है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। राज्य के युवाओं को ठगा, किसानों को ठगा, बहन-बेटियों की इज्जत लुटवायी, जल जंगल जमीन को लूटा और लुटवाया। ऐसी सरकार को राज्य हित में एक क्षण भी बने रहने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि पांच साल में विकास का एक उदाहरण भी यह सरकार नहीं दे सकती। अब जनता का भरोसा इस सरकार से उठ चुका है।  

उन्होंने कहा कि राज्य की महागठबंधन सरकार मोदी सरकार की नकल करने को चली, वह भी नहीं कर सकी। जनता को ग्रीन कार्ड से राशन देने की बात की, लेकिन एक कदम भी आगे नहीं बढ़ सकी। जल जीवन मिशन भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। युवा शक्ति आज कमर कस कर राज्य सरकार के खिलाफ खड़ी है। 

राज्य का युवा नये उलगुलान और हुल के लिए संकल्पित : अमर बाउरी

नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि झारखंड की युवा शक्ति राज्य को लुटेरों, भ्रष्टाचारियों से बचाने के लिए नये उलगुलान और हुल करने के लिए तैयार है। महागठबंधन सरकार ने ठग कर जनादेश लिया, लेकिन न रोजगार दिया, न बेरोजगारी भत्ता दिया। यही मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने कहा था कि मेरी सरकार में कोई संविदा कर्मी जैसा शब्द नहीं होगा, लेकिन आज संविदा कर्मी, पारा शिक्षक दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं…लाठियां खा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पहली बार विधानसभा में युवाओं के मुद्दे पर ऐतिहासिक आन्दोलन हुआ, लेकिन यह सरकार तानाशाही रवैये से बाज नहीं आयी। महागठबंधन सरकार के खिलाफ 

रैली, नहीं रैला होगा : कर्मवीर सिंह

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि आगामी 23 अगस्त को युवाओं की रैली नहीं, रैला होगा। युवाओं का जन सैलाब हेमन्त सरकार को गद्दी छोड़ने को मजबूर कर देगा। युवा मोर्चा अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सेवा और संघर्ष के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। राज्य के युवाओं की आवाज आज युवा मोर्चा है। साथ ही, कहा कि प्रदेश भ्रष्ट निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए युवा शक्ति तैयार है।

Share this:




Related Updates


Latest Updates