होम

वीडियो

वेब स्टोरी

भारत ने पाकिस्तान को चीन से हथियार सहायता मिलने पर जतायी चिन्ता

एडमिरल

Share this:

•हिन्द महासागर में बढ़ती गतिविधियों के मद्देनजर चीनी नौसेना पर भी नजर

New Delhi News : नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने पाकिस्तान को चीन से उपकरण और हथियार सहायता मिलने पर चिन्ता जतायी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और हमारे राष्ट्रीय समुद्री हितों से समझौता न होने पाये, इसके लिए हमने एक रणनीति बनायी है। पड़ोसी चीन की बढ़ती नौसेना के बारे में उन्होंने कहा कि यह संख्या बल के मामले में सबसे बड़ी नौसेना बन गयी है। हिन्द महासागर में बढ़ती गतिविधियों के मद्देनजर हम चीनी नौसेना पर भी नजर रख रहे हैं।
नौसेना प्रमुख एडमिरल त्रिपाठी ने सोमवार को चेन्नई से करीब 40 किलोमीटर दूर लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) के कट्टुपल्ली शिपयार्ड में बहुउद्देशीय सपोर्ट शिप ‘समर्थक’ को लॉन्च किया। यह पहला ऐसा जहाज है, जिसे रक्षा और सुरक्षा की जरूरतों को पूरा करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह युद्ध और निगरानी में ड्रोन तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के लिए एक समाधान है। उन्होंने कहा कि आज हमारे लिए एक महत्त्वपूर्ण दिन है, क्योंकि इन बहुउद्देशीय जहाजों से नौसेना के शस्त्रागार की क्षमता बढ़ेगी। ये जहाज लगभग 3,600 टन के हैं और इनका इस्तेमाल कई गतिविधियों के लिए किया जायेगा, जिसमें स्वदेशी हथियारों, सेंसर और उपकरणों का परीक्षण शामिल होगा।

1999 में सरकार ने 30 वर्षीय पनडुब्बी निर्माण योजना को मंजूरी दी थी


पाकिस्तान को चीन से उपकरण और हथियार सहायता मिलने के बारे में नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि चिन्ता की बात से कहीं अधिक यह आश्चर्यजनक है कि जो लड़खड़ाती अर्थव्यवस्था अंतरराष्ट्रीय सहायता की भीख मांग रही है, वह अपने सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण के लिए धन कैसे जुटा सकती है। हम पाकिस्तान की नौसेना में क्या हो रहा है, इस पर नजर रख रहे हैं। उन्हें विभिन्न स्रोतों से किस तरह के हथियार और प्लेटफॉर्म मिल रहे हैं और हमने यह सुनिश्चित करने के लिए एक रणनीति बनायी है कि क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और हमारे राष्ट्रीय समुद्री हितों से समझौता न हो। जहां तक चीन का सवाल है, तो यह संख्या के मामले में सबसे बड़ी नौसेना बन गयी है। हम इस पर भी नजर रख रहे हैं।
नौसेना प्रमुख ने कहा कि 1999 में सरकार ने 30 वर्षीय पनडुब्बी निर्माण योजना को मंजूरी दी थी और हम उसी के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं। आनेवाले वर्षों में पी-75 परियोजना पूरी होने के बाद इस वर्ष छह पनडुब्बियां मिलने जा रही हैं। हम आगे बढ़ेंगे और जरूरत के लिहाज से 18 पनडुब्बियों की वांछित ताकत भी पूरी होगी। उन्होंने कहा कि इस समय भारतीय शिपयार्ड में 63 जहाज बनाये जा रहे हैं, जिनमें डीपीएसयू, पीएसयू और एलएंडटी जैसे निजी उद्योग भी शामिल हैं। भारतीय नौसेना 2047 तक पूरी तरह से ‘आत्मनिर्भर’ बल बन जायेगी। मुझे नहीं लगता कि सतह से लेकर उप-सतह तक कोई और प्लेटफॉर्म विदेश से खरीदा जायेगा। वे सभी भारत में बनाये जायेंगे।

सुरक्षा पर कैबिनेट समिति (सीसीएस) ने 31 शिकारी ड्रोनों को मंजूरी दी


एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि सुरक्षा पर कैबिनेट समिति (सीसीएस) ने 31 शिकारी ड्रोनों को मंजूरी दी है, जिनमें 15 नौसेना को मिलेंगे। ये बहुत ही सक्षम प्लेटफॉर्म हैं, ताकि हम जान सकें कि कौन क्या और क्यों कर रहा है। इनके जरिये हम यह सुनिश्चित करना चाहेंगे कि समग्र समुद्री सुरक्षा के हिस्से के रूप में भारतीय नौसेना के क्षेत्र में क्या हो रहा है। उन्होंने बताया कि अमेरिका से पट्टे पर मिले ड्रोन के जरिये हमने कुछ महीने पहले माल्टा के व्यापारिक जहाज एमवी रुएन से 17 चालक दल को बचाया और 35 समुद्री डाकुओं को पकड़ा। इस ड्रोन का उपयोग उस जहाज की निगरानी और ट्रैक करने के लिए बहुत व्यापक रूप से किया गया था, इसीलिए हम पैरा-ड्रॉप सैनिकों के साथ मिल कर अपने तट से लगभग 2,000 किलोमीटर दूर कार्रवाई कर सके।

Share this:




Related Updates


Latest Updates