Ranchi News: झारखंड राज्य के प्रणेता, पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के निधन के पांच दिन बीत ग्ये हैं, लेकिन उनके घर-परिवारवाले उन्हें भूल नहीं पा रहे हैं। परिजन उनके साथ बिताये पलों को याद कर रहे हैं। स्वर्गीय शिबू सोरेन की बहू, वर्तमान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की पत्नी और राज्य के गांडेय विधानसभा क्षेत्र से विधायक कल्पना सोरेन भी उन्हीं में से एक हैं।
स्वर्गीय शिबू सोरेन की बहू और गांडेय से विधायक कल्पना सोरेन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा…’जब पूरा देश आपको (शिबू सोरेन को) अश्रुपूरित नेत्रों से विदा कर रहा है, मैंने एक कोना पकड़ लिया है। अपनी आधी जिन्दगी जिस वटवृक्ष के साये में महफूज होकर काटी, आज आपके जाने से वह बेटी-सी बहू अपनी टूटी हुई हिम्मत बटोरने का साहस नहीं कर पा रही है।’
उन्होंने लिखा, ‘मैं जानती हूं। आप सिर्फ मेरे ससुर नहीं थे, आप झारखंड के बाबा थे, हर उस बच्चे के, जिसने जंगलों की गोद में जन्म लिया और संघर्ष को पहली सांस में महसूस किया। जब मैं पहली बार इस परिवार में आयी, तो आपके व्यक्तित्व पर गौरव हुआ। आपकी सादगी, आपकी आवाज में ठहराव और सबसे जरूरी आपका सुनना। आप सुनते थे हर किसान की चिन्ता, हर औरत का दर्द, हर मां की खामोशी, हर झारखंडी के अरमान।’
कल्पना सोरेन ने आगे लिखा…’आपने राजनीति को घर की तरह जिया, जहां सत्ता नहीं, सम्बन्धों का सम्मान होता है। आपके पास बड़ी डिग्रियों से भी बड़ी दूरदर्शी दृष्टि थी। आपने केवल झारखंड को खड़ा नहीं किया, हम सबको आत्मनिर्भर होने का हौसला दिया। जब आप ‘झारखंड’ कहते थे, तो वह शब्द भूगोल नहीं, संवेदना बन जाता था।’
कल्पना सोरेन ने अपने पोस्ट में लिखा…’मैंने आपको कभी पिता की तरह देखा, कभी एक संत की तरह और कभी एक तपस्वी की तरह, जो न सत्ता चाहता था, न वाहवाही, बस ! अपनी माटी की…अपने लोगों की इज्जत चाहता था। आज आप नहीं हैं, मगर आपकी चाल की गूंज हर गांव के रास्ते पर है। आपकी चप्पलों की खामोशी विधानसभा में गूंज रही है। बाबा, आपने झारखंड को छोड़ा नहीं है, आप तो हर उस बेटी की आंखों में हैं, जो अपने जंगल, अपने खेत, अपने सपनों को बचाना चाहती है। आप हर उस मां की सांसों में हैं, जो चाहती है कि उसके बेटे भी एक दिन आपकी तरह ‘गुरु’ एवं सच्चे इंसान बने। आपका सपना, अब हमारी जिम्मेदारी है।’
विधायक कल्पना सोरेन ने लिखा है…’मैं एक बहू नहीं, आपकी बेटी हूं। आपसे वादा करती हूं कि आपका नाम सिर्फ इतिहास में नहीं रहेगा, वह हर लड़की के साहस में, हर गांव के संघर्ष में और झारखंड की हर सांस में जिन्दा रहेगा। आपको झारखंड की हर बेटी का नम्र प्रणाम। आप हमारे संस्कार बन गये हैं। आपके बिना जीना मुश्किल है, मगर आपके सपनों को जीना अब हमारा धर्म है।’
बाबा दिशोम गुरु के हर सपने को पूरा करेगा उनका बेटा : हेमन्त सोरेन
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपने पिता स्वर्गीय शिबू सोरेन के हर पल को यादों में संजोये हुए हैं। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक भावुक पोस्ट लिखा है। उन्होंने वीर शहीद निर्मल महतो को भी नमन किया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने पोस्ट में लिखा है…बाबा दिशोम गुरु के हर सपने को पूरा करेगा उनका बेटा। हमारे वीर पुरुखों का संघर्ष और बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जायेगा।’
मुख्यमंत्री ने वीर शहीद निर्मल महतो को भी नमन किया। उन्होंने लिखा…’वीरों और क्रांतिकारियों की भूमि है हमारा झारखंड। इसी वीर भूमि के वीर माटी पुत्र, महान झारखंड आन्दोलनकारी, अमर वीर शहीद निर्मल महतो जी के शहादत दिवस पर शत-शत नमन। वीर शहीद निर्मल महतो अमर रहें। झारखंड के वीर अमर रहें।’
उल्लेखनीय है कि शिबू सोरेन के निधन के बाद उनके परिवार और अनुयायियों ने पारम्परिक तरीके से तीन कर्म का आयोजन किया। अब 15 अगस्त को दशकर्म और 16 अगस्त को एकादश संस्कार होगा। रामगढ़ जिला प्रशासन ने देशभर से आनेवाले अनुयायियों और गण्यमान्य व्यक्तियों के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
रामगढ़ जिला के गोला अंचल अंतर्गत शिबू सोरेन के पैतृक गांव में ही उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया था और अब वहीं श्राद्ध कर्म किये जा रहे हैं।



