होम

वीडियो

वेब स्टोरी

लोहरदगा में एसपी आवास के पास सिपाही ने एएसआई को मारी गोली, 11 घंटे बाद आरोपी गिरफ्तार

88845483 e0d7 4e42 9c07 243cb024143d

Share this:

Lohardaga news, Jharkhand  news : लोहरदगा जिला पुलिस बल के सिपाही अनंत सिंह मुंडा ने अपनी इंसास रायफल से गोली मारकर झारखंड पुलिस के सहायक अवर निरीक्षक (ASI) धर्मेंद्र सिंह की हत्या कर दी है। धर्मेंद्र सिंह बिहार के पटना जिले के अलावलपुर फतेहपुर के रहने वाले थे। मामले में लोहरदगा पुलिस ने आरोपित जवान को रायफल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद जवान को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने 11 घंटे से ज्यादा समय तक कवायद की। 

घटना के समय बच्चों और पत्नी से झगड़ रहा था अनंत 

लोहरदगा पुलिस अधीक्षक के आवास के पीछे बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे सीसीआर में प्रतिनियुक्त पुलिस का सिपाही अनंत सिंह मुंडा ने लोहरदगा कोर्ट में प्रतिनियुक्त एएसआइ धर्मेंद्र सिंह की हत्या गोली मारकर कर दी। घटना के समय अनंत अपने किराए के घर में पत्नी और बच्चों से झगड़ रहा था। वह चुनाव ड्यूटी से लौटा था और उसके पास इंसास रायफल के साथ सौ राउंड गोली थी। वहीं पर रहने वाला एएसआइ धर्मेंद्र सिंह बीच-बचाव करने गया। उसे लगा कि मानसिक रूप से बीमार अनंत कहीं अपनी पत्नी और बच्चों को गोली न मार दे। उसने अनंत की पत्नी और बच्चों को घर से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद जवान से रायफल लेने की कोशिश की। इसी दौरान जवान ने एएसआइ के सीने में गोली मार दी। इसके बाद खुद को घर के अंदर बंद कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां पुलिस और सीआरपीएफ की टीम के साथ पहुंचे और जवान को पकड़ने की कोशिश की। हालांकि वह घर का दरवाजा खोलने का तैयार नहीं था। अंदर ही जख्मी एएसआइ भी पड़ा था। 

आरोपित की गिरफ्तारी को रातभर परेशान रही पुलिस 

आरोपित जवान के आत्मसमर्पण और उसे पकड़ने के लिए रातभर पुलिस टीम परेशान रही। पुलिस ने सबसे पहले आरोपित जवान जिस घर में रह रहा था, वहां पर फंसे हुए दूसरे पुलिसकर्मियों के परिवार के कुल 14 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद रातभर पुलिस जवान से बात कर उसके आत्मसमर्पण को लेकर प्रयास करती रही। जवान एसपी सहित किसी के भी अंदर आने पर गोली मार देने की धमकी दे रहा था। पुलिस और सीआरपीएफ ने जवान को काबू में करने को लेकर पांच स्टन ग्रेनेड, पांच टीयर गैस और तीन-चार राउंड रबर बुलेट चलाए। इसके बाद भी जवान रायफल के साथ खड़ा रहा। गुरुवार सुबह करीब सात बजे पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने घर के अंदर प्रवेश कर उसे धर दबोचा। एएसआइ के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद बोकारो से आए एएसआइ के स्वजन को शव सौंप दिया गया। लोहरदगा एसपी आरक्षी हारिस बिन जमां ने बताया कि आरोपित जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। जांच के बाद दोषी जवान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

Share this:




Related Updates


Latest Updates