होम

वीडियो

वेब स्टोरी

49 वर्ष के हुए हेमन्त, जन्मदिन पर दिखाया कैदी का निशान, कहा: ‘निशान लोकतंत्र की वर्तमान चुनौतियों का प्रतीक’

1000560188

Share this:

Ranchi News: झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शनिवार को अपना 49वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उन्होंने जेल के दिनों को याद करते हुए हाथ पर लगे कैदी के निशान को दिखाया। साथ ही, सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर आदिवासी, मूलवासी, पिछड़ों और दलितों के पक्ष में आवाज बुलंद करने का संकल्प भी लिया।

हेमन्त सोरेन ने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर हाथ पर लगे कैदी के निशान को दिखाते हुए लिखा…’जन्मदिन के मौके पर बीते एक साल की स्मृति मेरे मन में अंकित है। यह वह कैदी का निशान है, जो मुझे जेल से रिहा होते समय लगाया गया था। यह निशान केवल मेरा नहीं है, बल्कि लोकतंत्र की वर्तमान चुनौतियों का प्रतीक है। जब एक चुने हुए मुख्यमंत्री को बिना किसी सबूत, शिकायत और अपराध में 250 दिनों तक जेल में डाल सकते हैं, तो फिर ये आम आदिवासियों-दलितों-शोषितों के साथ क्या करेंगे। यह मुझे कहने की जरूरत नहीं है।’

आज मैं कृतसंकल्पित हूं कि हर शोषित, वंचित, दलित, पिछड़ा, आदिवासी, मूलवासी के पक्ष में लड़ूंगा’

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने लिखा…’आज मैं कृतसंकल्पित हूं कि हर शोषित, वंचित, दलित, पिछड़ा, आदिवासी, मूलवासी के पक्ष में लड़ूंगा। मैं हर उस व्यक्ति-समुदाय के लिए आवाज उठाऊंगा, जिसे दबाया और न्याय से वंचित रखा गया है, जिसे उसके रंग, समुदाय, खान-पान, पहनावे के आधार पर सताया जा रहा है। हमें एकजुट होकर एक ऐसे समाज का निर्माण करना होगा, जहां कानून सभी के लिए समान हो, जहां सत्ता का दुरुपयोग न हो।’

उन्होंने लिखा…’हां, यह रास्ता आसान नहीं होगा। हमें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, लेकिन मुझे विश्वास है कि हम मिल कर इन चुनौतियों को पार कर सकते हैं। क्योंकि, हमारे देश की एकता, विविधता में ही हमारी शक्ति है। आप सब के स्नेह एवं आज के दिन दी जा रही दुआ, आशीर्वाद और अपनापन के लिए धन्यवाद देता हूं।’

प्रधानमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने दी जन्मदिन की बधाई 

प्रधानमंत्री मोदी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दीं हेमन्त सोरेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही, उन्होंने वंचितों और सामाजिक न्याय के लिए लड़ने की बात कही है। साथ ही, जन्मदिन की बधाई भी दी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनकी लम्बी उम्र और बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की है।

राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा…’झारखंड के मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गरीबों, वंचितों एवं आदिवासियों के हक की लड़ाई लड़ेगा और जीतेगा।’ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उन्हें बधाई देते हुए लिखा…’हम उनकी लम्बी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। ‘इंडिया’ गठबंधन देश में सामाजिक न्याय, आर्थिक सशक्तीकरण और समावेशी विकास के लिए मिल कर लड़ रहा है।’

Share this:




Related Updates


Latest Updates