होम

वीडियो

वेब स्टोरी

झारखंड में योजनाबद्ध तरीके से मूल निवासियों को अल्पसंख्यक बनाए जाने का चल रहा खेल: शिवराज

IMG 20240717 WA0002 2

Share this:

Ranchi news : केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री और झारखंड के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को झारखंड के हटिया विधानसभा क्षेत्र में अभिनंदन सह-विजय संकल्प सभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन नेताओं के स्वागत का नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के सम्मान का दिन है। भाजपा के कार्यकर्ता नींव के पत्थर हैं। कार्यकर्ताओं से ही पार्टी को मजबूती मिलती है। आनेवाले विधानसभा चुनाव में बेईमानों की सरकार को उखाड़ कर फेंकना है और झारखंड को बचाना है।

शिवराज ने कहा कि कार्यकर्ता बहनों और भाइयों, लोकसभा चुनाव की इस विजय के बाद झारखंड के विधानसभा चुनाव में महाविजय का संकल्प लेना है। संकल्प विजय का नहीं, महाविजय का और यह जरूरी है। जरूरी इसलिए है कि झारखंड को बचाना है। जनता को तबाही से बचाना है। विजय इसलिए भी जरूरी है कि सरकार में विदेशी घुसपैठिये अवैध घुसपैठ कर रहे हैं और यह सरकार यदि दोबारा आ गयी, तो यह मान लेना कि यहां के मूलनिवासी अल्पसंख्यक हो जायेंगे। सोरेन सरकार में योजनाबद्ध तरीके से मूलनिवासियों को अल्पसंख्यक बनाये जाने का खेल चल रहा है। हम वोटों के लालच में झारखंड की अस्मिता के साथ खिलवाड़ नहीं होने दे सकते हैं। खतरा सामने खड़ा है। बचाना है झारखंड को…बचाना है हमारी संस्कृति को…बचाना है हमारे जीवन मूल्यों को…बचाना है हमारी परम्पराओं को और इसलिए झारखंड में अब कोई सरकार आयेगी, तो वह केवल भाजपा की सरकार आयेगी।

झारखंड में अपराध चरम सीमा पर

चौहान ने हेमन्त सोरेन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सोरेन सरकार ने झारखंड में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा कर दी है। प्रदेश में भ्रष्टाचार की नित्य नयी परिभाषा गढ़ी जा रही है। राज्य में घोटालों और भ्रष्टाचार से जनता त्राहिमाम कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में अपराध भी चरम सीमा पर है। उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले साढ़े चार साल में 7 हजार 812 हत्याएं हुईं। इनकी सरकार में 7 हजार 115 बलात्कार हुए।

शिवराज ने कहा कि झारखंड की धरती पर 06 हजार 937 अपरहरण हुए। दंगे 08 हजार 592 हुए। लूट 02 हजार 721 हुईं। डकैती 485 हुई और संज्ञेय अपराध 02 लाख 73 हजार 261 हुए। रुबिका जैसी बिटिया के टुकड़े टुकड़े करके और एक नहीं 50… 50 टुकड़े कर फेंकने का काम इस सरकार में अपराधी करते हैं। इस सरकार को शर्म आनी चाहिए, जो बहनों और बेटियों की इज्जत नहीं बचा सकती। उनका अपमान करती है। इतना ही नहीं, इस सरकार में घुसपैठिये जनजाति बेटियों से शादी कर जमीनें हड़प कर हकदार भी बन रहे हैं और उनके नाम से चुनाव तक लड़ रहे हैं।

गठबंधन सरकार ने जनता से सैकड़ों वादे किये थे, लेकिन मिला कुछ नहीं

शिवराज ने कहा कि चुनाव से पहले गठबंधन सरकार ने जनता से सैकड़ों वादे किये थे, लेकिन मिला कुछ नहीं। पांच लाख नौकरियां देने का वादा था, लेकिन नौकरियां केवल होर्डिंग्स में ही मिलीं। पांच हजार रुपये स्नातक और सात हजार रुपये स्नातकोत्तर को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा था। लेकिन, ना नौकरी मिली और ना ही बेरोजगारी भत्ता मिला। गरीब बहनों को दो हजार रुपये घर खर्च देने का वादा था, लेकिन पांच सालों में उन्हें भी घर खर्च नहीं मिला।

शिवराज ने कहा कि महिलाओं को बिना गारंटी केवल आधार कार्ड पर 50 हजार रुपये का लोन देने का वादा था। लेकिन, आज तक किसी भी बहन को लोन नहीं मिल सका। किसानों से किसान बैंक खोलने का वादा किया था, लेकिन कहीं भी किसान बैंक नहीं खुला। उल्टा इन्होंने तो झारखंड की जनता से छीना है। जब झारखंड में भाजपा की सरकार थी, तो पांच एकड़ तक के किसानों को पांच हजार रुपये प्रति एकड़ दिया जाता था। लेकिन सोरेन सरकार ने सत्ता में आते ही किसानों से यह राशि छीन ली। भाजपा सरकार में 50 लाख तक की सम्पत्ति बहन-बेटी के नाम पर खरीदी जायेगी, तो केवल एक रुपये में रजिस्ट्री हो जायेगी। इन्होंने बहनों से यह भी छीन लिया। इस सरकार ने दिया नहीं, बल्कि सब कुछ छीन लिया।

Share this:




Related Updates


Latest Updates