होम

वीडियो

वेब स्टोरी

तुष्टीकरण ही कांग्रेस का एकमात्र एजेंडा : मोदी

IMG 20240915 WA0035

Share this:

हरियाणा में कुरुक्षेत्र की चुनावी रैली में प्रधानमंत्री ने कहा : भाजपा की जीत की हैट्रिक तय 

New Delhi news : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कुरुक्षेत्र की चुनावी रैली में शामिल हुए।  यहां उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा की जीत की हैट्रिक तय है। प्रधानमंत्री ने हरियाणा चुनाव के लिए अपनी पहली रैली को सम्बोधित करते हुए लोगों से आगामी राज्य विधानसभा चुनावों में लगातार तीसरी बार भाजपा को समर्थन देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, ‘मैं एक बार फिर इस पवित्र भूमि पर भाजपा की सरकार बनाने के लिए आपका समर्थन मांगने आया हूं। आपने मुझे लगातार तीसरी बार दिल्ली में सेवा करने का अवसर दिया है और आज जो उत्साह मैं यहां देख रहा हूं, उससे यह स्पष्ट है कि भाजपा की हैट्रिक निश्चित है।’

मोदी ने जोश के साथ कहा कि हरियाणा के लोग अपनी बात पर अडिग रहने के लिए जाने जाते हैं और भाजपा ने भी यही सीखा है। हम जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। उन्होंने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही हमने एक बड़ा फैसला किया है, जिसका लाभ हरियाणा के लाखों परिवारों को मिलेगा। भाजपा सरकार ने फैसला किया है कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों को अब 05 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। हमने कहा था कि भाजपा सरकार के पहले 100 दिन बड़े फैसलों के होंगे। 100 दिन से भी कम समय में हमने 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की हैं और वंचितों के लिए 03 करोड़ घरों को मंजूरी दी है, जिससे उन्हें न केवल एक घर, बल्कि एक स्थायी पता, उनके सपनों के लिए एक लॉन्चपैड मिला है।

प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के शासन रिकॉर्ड पर प्रकाश डाला तथा किसानों, गरीबों, युवाओं और महिलाओं को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से हाल में की गयीं पहलों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने भाजपा के रिकॉर्ड की तुलना कांग्रेस से की तथा पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में उसके प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘हरियाणा का पड़ोसी हिमाचल प्रदेश है, जहां कुछ साल पहले कांग्रेस ने सरकार बनायी थी। हालांकि, हिमाचल प्रदेश में अब कोई भी खुश नहीं है और कांग्रेस ने वहां समाज के हर वर्ग के लिए झूठे वादे किये। कांग्रेस ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया और सरकारी कर्मचारी अपने वेतन के लिए हड़ताल पर जाने को मजबूर हैं।’

प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष की आलोचना करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और कहा, ‘कांग्रेस ने कभी भी लोगों की समस्याओं की परवाह नहीं की। कोई भी पार्टी इतनी बेईमान और धोखेबाज नहीं रही। जिन लोगों ने कांग्रेस पर भरोसा किया, वे अब पछता रहे हैं। कर्नाटक और तेलंगाना को देखिए, कांग्रेस का झूठ वहां भी पहुंच गया है। उनका एकमात्र एजेंडा चुनाव जीतने के लिए जनता का खजाना खाली करना है। पंजाब का हाल देखिए। हरियाणा के लोगों को ऐसी पार्टियों को सत्ता से दूर रखना चाहिए।’

कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कर्नाटक में कांग्रेस के शासन के कुछ ही महीनों में करीब 1,200 किसानों ने आत्महत्या कर ली, क्योंकि उन्हें सूखे के दौरान कोई मदद नहीं मिली। फिर भी यहां हरियाणा में कांग्रेस झूठे वादे कर रही है। जब देश ने उनके झूठ को उजागर किया, तो उन्होंने पुरानी पेंशन योजना के बारे में बात करना ही बंद कर दिया। इसके विपरीत, भाजपा ने कर्मचारियों के लिए सुरक्षित भविष्य की गारंटी देते हुए नयी पेंशन योजना शुरू की है। सरकारी कर्मचारियों ने इस योजना का खुले दिल से स्वागत किया है।’

कर्नाटक में गणपति की पूजा में बाधा डाली जाने की घटना का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लिए, तुष्टीकरण ही उनका एकमात्र एजेंडा है। कर्नाटक में कांग्रेस के शासन में भगवान गणपति का भी अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस के लिए तुष्टीकरण ही सबसे बड़ा लक्ष्य है। आज तो हालत यह हो गयी है कि कांग्रेस के राज में कर्नाटक में गणपति जी को भी सलाखों के पीछे डाला जा रहा है। पूरा देश आज गणेश उत्सव मना रहा है और कांग्रेस विघ्नहर्ता की पूजा में भी विघ्न डाल रही है।’

आरक्षण के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा, ‘याद कीजिए, जब नेहरू प्रधानमंत्री थे, तो उन्होंने आरक्षण का विरोध किया था। उनका दावा था कि आरक्षण के जरिये भर्ती करने से सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता कम हो जायेगी। इंदिरा गांधी ने भी ओबीसी आरक्षण को रोका था और जनता पार्टी की सरकार आने तक मंडल आयोग का गठन नहीं हुआ था। लेकिन, जब कांग्रेस वापस लौटी, तो उन्होंने रिपोर्ट को दफना दिया। राजीव गांधी ने भी ओबीसी आरक्षण का विरोध किया और समुदाय का अपमान किया। आज भी कांग्रेस आरक्षण के खिलाफ अपने शाही परिवार के एजेंडे को जारी रखे हुए है। लेकिन, मैं एक बात स्पष्ट कर दूं, जब तक मोदी यहां हैं, डॉ. अम्बेदकर की आरक्षण नीति में से रत्तीभर भी लूट नहीं होने दूंगा। एससी/एसटी/ओबीसी आरक्षण हमेशा के लिए यहां रहनेवाला है।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस परिवार सबसे बड़ा ओबीसी, एसटी और एससी विरोधी है; वे हमेशा बाबा साहब अम्बेदकर से नफरत करते रहे हैं। हरियाणा से बेहतर कांग्रेस के दलित विरोधी रुख को कौन जानता है? जब भी कांग्रेस हरियाणा में सरकार बनाती है, दलितों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।’

Share this:




Related Updates


Latest Updates