होम

वीडियो

वेब स्टोरी

विदेश में रहनेवाले भारतीय भारत के विकास और आधुनिकीकरण में हैं बराबर के भागीदार : ओम बिरला

IMG 20240714 WA0004 1

Share this:

New Delhi news : राष्ट्र निर्माण में प्रवासी भारतीयों के योगदान की सराहना करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि विदेशों में रहनेवाले भारतीय भारत के विकास और आधुनिकीकरण में बराबर के भागीदार हैं। रूस में रह रहे भारतीय देश के ब्रैंड एंबेसडर हैं और अपने कार्यों, योगदान और उपलब्धियों से ही वे भारत की छवि गढ़ते हैं।

बिरला ने कहा कि रूस में भारतीय समुदाय के लोगों को अनुशासनप्रिय, मेहनती और कानून का पालन करनेवाले प्रवासियों के रूप में जाना जाता है और इन्हीं प्रवासियों ने रूस और भारत दोनों देशों के विकास में योगदान करके प्रत्येक भारतीय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि संख्या में कम होने के बावजूद, भारत के सांस्कृतिक कार्यक्रमों और त्योहारों में उनकी सक्रिय और जीवंत भागीदारी रहती है।

रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में 10वें ब्रिक्स संसदीय मंच में भारतीय संसदीय शिष्टमंडल का नेतृत्व कर रहे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मॉस्को में प्रवासी भारतीयों को सम्बोधित किया। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से रूस में अपनी मातृभूमि के बारे में जानकारी देने और दोनों देशों के बीच सम्बन्धों को मजबूत बनाने का आग्रह किया। भारतीय त्योहारों में रूस के लोगों के शामिल होने के बारे में बात करते हुए बिरला ने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच घनिष्ठ सम्बन्ध ही हमारे द्विपक्षीय सम्बन्धों का आधार हैं। इस बात का उल्लेख करते हुए कि रूस के लोगों के मन में भारतीय संस्कृति और विविधताओं के बारे में जानने की उत्सुकता है। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से आग्रह किया कि वे भारत की समृद्ध सनातन संस्कृति, योग, पुरातन ज्ञान और यहां की विविधताओं के बारे में रूस के लोगों को जानकारी दें और उन्हें भारत आने के लिए प्रोत्साहित करें।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हाल में की गई रूस यात्रा और रूस में भारतीय समुदाय के साथ उनकी बातचीत का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि वर्तमान सरकार के प्रयासों से देश में बदलाव, विकास और समृद्धि का एक नया युग आरम्भ हुआ है। बिरला ने यह भी कहा कि तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद भी मोदी जी की ऊर्जा, देश सेवा के लिए उनके उत्साह और विकसित भारत के उनके संकल्प से सभी को निस्वार्थ भाव से देश की सेवा करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि भारत में हो रहे बदलावों से वैश्विक स्तर पर भारतीयों का सम्मान बढ़ा है और भारतीय पासपोर्ट का महत्त्व भी बढ़ा है।

बिरला ने भारतीय समुदाय के लोगों द्वारा गर्मजोशी और सद्भावना से किये गये आतिथ्य-सत्कार के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने इस संवाद का अवसर प्रदान करने के लिए मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास को भी धन्यवाद दिया।

Share this:




Related Updates


Latest Updates