– 

Bengali
 – 
bn

English
 – 
en

Gujarati
 – 
gu

Hindi
 – 
hi

Kannada
 – 
kn

Malayalam
 – 
ml

Marathi
 – 
mr

Punjabi
 – 
pa

Tamil
 – 
ta

Telugu
 – 
te

Urdu
 – 
ur

होम

वीडियो

वेब स्टोरी

चम्पाई सोरेन की सरकार ने जीता विश्वास मत, पक्ष में पड़े 47 मत, विपक्ष को मिले मात्र 29

821a9ae0 6a0a 4034 9650 7820481554b4

Share this:

Ranchi news, Jharkhand news :  झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन सोमवार को चम्पाई सोरेन के नेतृत्ववाली झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस व राजद गठबंधन की सरकार ने सोमवार को विश्वास मत हासिल कर लिया। विश्वास प्रस्ताव पर हुए मतदान में चम्पाई सोरेन सरकार को 47 मत मिले, जबकि विपक्ष में 29 वोट पड़े।

सरयू राय ने मतदान से दूरी बनाई

जमशेदपुर पूर्वी के निर्दलीय विधायक सरयू राय ने मतदान से दूरी बना ली। सत्ता पक्ष के एक विधायक रामदास सोरेन बीमार होने की वजह से सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं हुए। विधायक इंद्रजीत महतो बीमारी की वजह से वोट देने के लिए उपस्थित नहीं हो सके। निर्दलीय विधायक अमित महतो अनुपस्थित रहे। कमलेश सिंह ने विपक्ष के समर्थन में वोट किया। विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने विधानसभा की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के अभिभाषण के बाद कुछ देर सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गयी। फिर से सदन की कार्यवाही विधानसभा के अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में शुरू हुई। फ्लोर टेस्ट की प्रक्रिया को शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने सरकार बनाने का अपना दाना पेश किया, जिसके बाद विस अध्यक्ष ने पक्ष और विपक्ष को अपनी बात रखने का मौका दिया।

दोनों तरफ की बहस सुनने के बाद फ्लोर टेस्ट हुआ

दोनों तरफ की बहस सुनने के बाद फ्लोर टेस्ट हुआ, जिसमें सत्ता पक्ष को 47, तो विपक्ष को 29 वोट मिले। वोटों की गिनती के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने पहले सत्ता पक्ष को हां कहते हुए अपनी जगह पर खड़े होने को कहा। विपक्ष के लिए भी यही तरीका अपनाया गया। विधानसभा कर्मियों ने दोनों पक्षों की उपस्थितियों की गिनती की, जिसके बाद सत्ता पक्ष फ्लोर टेस्ट में पास हो गया। अब सारी राजनीतिक गतिविधियों पर विराम लग गया। चम्पाई सोरेन अब पूर्ण रूप से सरकार को चलायेंगे।

किसे कितने वोट मिले

सत्ता पक्ष : जेएमएम – 28, कांग्रेस – 17 (प्रदीप यादव को लेकर), राजद – 01, माले – 01

विपक्ष : भाजपा – 25 (बाबूलाल को लेकर), आजसू – 03, एनसीपी – 01 (कमलेश सिंह)

कड़ी सुरक्षा में वोट देने आये पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन

ईडी की कस्टडी में पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ईडी कार्यालय से विधानसभा पहुंचे। विधानसभा पहुंचते ही ईडी की टीम गेट नम्बर एक पर रुक गयी। वहां से हेमन्त सोरेन विधानसभा के सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा में विधानसभा में दाखिल हुए। वह पहले की तरह नेता सदन की कुर्सी पर नहीं बैठे। उन्हें सत्ता पक्ष की तरफ वाली आगे की कतार में बैठने की जगह मिली। अपने कुछ साथियों से उन्होंने बात भी की। लेकिन  कोर्ट की मनाही की वजह से उन्होंने मीडिया में किसी तरह का कोई बयान नहीं दिया।

चम्पाई 07 फरवरी को मंत्रिमंडल का करेंगे विस्तार

बहुमत साबित करने के बाद मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन 07 फरवरी को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। इस दिन मंत्रियों को शपथ ग्रहण कराये जाने की सम्भावना है।

सरकार का विश्वास मत हासिल करने के बाद सदन की कार्यवाही खत्म होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन को दूसरी तरफ ले जाकर बैठ गये और लम्बी मंत्रणा की। 

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन 07 फरवरी को अपने बाकी बचे मंत्रियों का शपथ ग्रहण करायेंगे और मंत्रिपरिषद का विस्तार करेंगे। उसी दिन देर शाम तक मंत्रालय का भी बंटवारा कर दिये जाने की सम्भावना है। जानकारी के अनुसार चार वर्षों से रिक्त पद 12वां बर्थ भी इस बार भरा जायेगा।

राजद को छोड़ दिया जाये, तो जेएमएम और कांग्रेस में काफी बदलाव देखने को मिल सकता है। सोरेन परिवार की सीता सोरेन और बसन्त सोरेन दोनों को मंत्रिमंडल में एडजस्ट किया जा सकता है। वहीं और भी कुछ चेहरे बदल सकते हैं। कांग्रेस की तरफ से भी कई नाम सामने आ रहे हैं। इनमें प्रदीप यादव, दीपिका पांडे और जयमंगल उर्फ अनूप सिंह का नाम चल रहा है।

केन्द्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर हेमन्त सोरेन को फंसाया गया :  मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि केन्द्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर हेमन्त सोरेन को फंसाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि ईडी ने हेमन्त सोरेन को उस मामले में गिरफ्तार किया है, जिसका कोई खाता-बही नहीं हैं। जबकि, भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही की ईडी ने 07 करोड़ रुपये की सम्पत्ति जब्त की, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

Share this:




Related Updates


Latest Updates