– 

Bengali
 – 
bn

English
 – 
en

Gujarati
 – 
gu

Hindi
 – 
hi

Kannada
 – 
kn

Malayalam
 – 
ml

Marathi
 – 
mr

Punjabi
 – 
pa

Tamil
 – 
ta

Telugu
 – 
te

Urdu
 – 
ur

होम

वीडियो

वेब स्टोरी

भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र, एक साथ चुनाव और समान नागरिक संहिता का वादा

IMG 20240414 WA0013

Share this:

BJP releases manifesto, promises simultaneous elections and uniform civil code, Breaking news, National top news, national news, national update, national news, new Delhi top news : भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को संकल्प पत्र नाम से पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संकल्प पत्र का लोकार्पण किया।

प्रधानमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने संकल्प पत्र को 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने का मिशन बताया। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र युवा, नारी, गरीब और किसान को सशक्त करने की हमारी सोच से प्रेरित है। भाजपा लोगों को सम्मान के साथ गुणवत्तापूर्ण जीवन और नये अवसर देना चाहती है। उन्होंने एकसाथ राज्यों एवं केन्द्र में चुनाव और समान नागरिक संहिता पर जोर देते हुए अपने अगले कार्यकाल में भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई की गारंटी दी।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्रियों, पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और मीडिया को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के संकल्प को दोहराया। संकल्प पत्र में उल्लेखित गारंटियों को जिक्र करते हुए उन्होंने देश के समाजिक, डिजिटल और भौतिक ढांचागत सुविधाओं को विस्तार देने की अपनी सरकार की नीति को जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने पर राष्ट्रीय सहकारिता नीति लायी जायेगी, श्री अन्न पर बल दिया जायेगा, पश्चिमी भारत के बाद पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी भारत में बुलेट ट्रेन लायी जायेगी, वंदे भारत का मेट्रो, स्लीपर और चेयरकार तीन रूपों में विस्तार किया जायेगा।

प्रधानमंत्री ने वर्तमान में जारी सरकार की योजनाओं को आगे भी जारी रखने और विस्तार देने की गारंटी दी। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ 70 वर्ष के अधिक आयु के बुजुर्गों को दिया जायेगा। योजना के तहत 05 लाख तक का मुफ्त इलाज कराया जा सकता है। तीन करोड़ नये घर बनाये जायेंगे। लोगों के घरों तक सस्ती पाइप के माध्यम से गैस पहुंचायी जायेगी। मुद्रा ऋण को दोगुना यानी 20 लाख किया जायेगा। तीन करोड़ लखपति दीदी बनायी जायेंगी। महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, जनजातीय गौरव दिवस, एकलव्य स्कूल, तमिल भाषा को बढ़ावा दिया जायेगा। लोगों को 80 प्रतिशत कम कीमतों पर जन औषधि केन्द्रों के माध्यम से सस्ती दवाएं मिलती रहेंगी और गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत गरीब परिवारों को मुफ्त राशन दिया जाना जारी रहेगा।

लोकसभा चुनाव-2024 के संकल्प पत्र के विमोचन के दौरान प्रधानमंत्री ने युवा, महिला, किसान और गरीब चार वर्गों से एक-एक व्यक्ति को यह संकल्प पत्र सौंपा। भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र में दाल, खाद्य, तेल और सब्जियों के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को जारी रखने की बात कही गयी है। मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं सुविधा युक्त जीवन के अवसर प्रदान करने की दिशा में प्रतिबद्धता दिखायी गयी है। रियल एस्टेट से जुड़े सुधार लाकर सस्ते आवास उपलब्ध कराये जाने की भी बात कही गयी है। कामकाजी महिलाओं के लिए औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र में हॉस्टल का निर्माण किया जायेगा, जिसमें शिशु ग्रह जैसी बुनियादी सुविधाएं होंगी। ट्रक चालकों के आराम और अन्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हाइवे पर आरामगृह बनाये जायेंगे। एक विशेष अभियान चला कर सर्वाइकल कैंसर को दूर किया जायेगा। नारी शक्ति बंधन अधिनियम को व्यवस्थित रूप से लागू कर लोकसभा राज्य विधानसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जायेगा।

संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि 2014 या फिर 2019 में मोदीजी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने हर संकल्प पूरा किया है। 2019 के संकल्प पत्र में हमने आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर भारत की एक संकल्पना के साथ-साथ 2047 के भारत की रूपरेखा भी रखी थी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 05 सालों में हमने संकल्पित भारत सशक्त भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में सफलतापूर्वक कार्य किया है। अब हम 140 करोड़ नागरिकों के सामने नया संकल्प पत्र प्रस्तुत करने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र तैयार करने के लिए तीन माध्यम से सुझाव प्राप्त हुए हैं। बड़ी संख्या में आॅनलाइन इनपुट्स आए हैं चार लाख सुझाव नमो ऐप के माध्यम से भी आये हैं करीब 10 लाख सुझाव वीडियो के माध्यम से आये हैं। कुल मिला कर 15 लाख सुझाव समिति के पास आये, जिनमें से कुछ मुख्य विषय ढूंढे गये और उन पर कार्य किया गया।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हर बार चुनाव के समय पर भारतीय जनता पार्टी अपनी वैचारिक यात्रा आगे बढ़ती है। एकात्मानवाद से अंत्योदय तक और प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास को जोड़ते हुए भाजपा ने अपनी नीतियां आगे बढ़ायी हैं। पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने गांव, गरीब और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए काम किया है। जनसंघ के समय से ही भाजपा ने डॉ. अम्बेडकर के पथ पर चलते हुए सामाजिक न्याय को सुनिश्चित करने के लिए दिशा में कार्य किया है। उन्होंने कहा कि 10 साल भारतीय जनता पार्टी का शासन इस बात का प्रमाण है कि मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरी होने की गारंटी है।

Share this:




Related Updates


Latest Updates