– 

Bengali
 – 
bn

English
 – 
en

Gujarati
 – 
gu

Hindi
 – 
hi

Kannada
 – 
kn

Malayalam
 – 
ml

Marathi
 – 
mr

Punjabi
 – 
pa

Tamil
 – 
ta

Telugu
 – 
te

Urdu
 – 
ur

होम

वीडियो

वेब स्टोरी

हेमंत सोरेन ने फिर दोहराई वही बात, बोले – जो 1932 की बात करेगा, वही झारखंड में राज करेगा

IMG 20230219 WA0004

Share this:

यूपीए गठबंधन के उम्मीदवार बजरंग महतो के पक्ष में चुनावी जनसभा में गरजे मुख्यमंत्री, भाजपा और आजसू के नेताओं को सीएम ने झूठ का सरदार बताया

Ramgarh latest Hindi news : रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव में यूपीए गठबंधन के उम्मीदवार बजरंग महतो के पक्ष में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करने आये मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन पूरे तेवर में दिखे। गोला के एसएस हाई स्कूल मैदान में आयोजित जनसभा में उन्होंने भाजपा और आजसू के नेताओं को झूठ का सरदार बताया। साथ ही उन्होंने अपनी उपलब्धियां भी गिनायीं।

श्री सोरेन ने सबसे पहले 1932 के खतियान की बात कही। उन्होंने कहा कि झारखंड में अब वही राज करेगा, जो 1932 की बात करेगा। इससे पहले भी स्थानीय नीति भाजपा और आजसू ने मिल कर बनायी थी। लेकिन, तब सड़कों पर खून बह रहा था। जब हमने 1932 के खतियान आधारित नीति तैयार की, तो उसका स्वागत हर चौक-चौराहे पर अबीर गुलाल से किया गया।

सोरेन ने कहा कि झारखंड का विकास तभी सम्भव है, जब यहां का आदिवासी, मूलनिवासी सरकार चलायेगा। लेकिन, जब से झारखंड अलग हुआ, यहां की सत्ता पर यूपी और बिहारवालों का ही कब्जा रहा। कहने के लिए तो बाबूलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा को सीएम की कुर्सी दी गयी, लेकिन उन लोगों को पांच साल पूरा नहीं करने दिया गया। छत्तीसगढ़ से आदमी को बुला कर वे डबल इंजन की सरकार चला रहे थे। लेकिन, अब झारखंडी ताकत का अहसास उन्हें होने लगा है।

जनता की सेवा के लिए ममता ने बच्चे को छोड़ा अनाथ

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि विधायक ममता देवी ने जनता की सेवा करने के लिए अपने बच्चे को अनाथ छोड़ दिया। आज वह एक बड़ी साजिश का शिकार होकर जेल के अंदर हैं। उनके बच्चे का दर्द सिर्फ एक औरत ही समझ सकती है। उन्होंने कहा कि अब आम जनता ही उस बच्चे को सहारा देगी। यह तभी सम्भव हो पायेगा, जब कांग्रेस का बटन दबा कर बजरंग महतो को भारी मतों से जिताया जायेगा।

झारखंड में बनती है नियोजन नीति तो यूपी-बिहार के लोगों को होता है दर्द

हेमन्त सोरेन ने नियोजन नीति पर भी लोगों का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं को नौकरी देने के लिए नियोजन नीति तैयार की गयी थी। लेकिन, यूपी और बिहार के शिकायतकर्ताओं ने उसे हाई कोर्ट में चुनौती दी और उसे निरस्त करा दिया। वही नियोजन नीति जब कर्नाटक में बनी, तो वहां सब सही हो गया। यह सिर्फ इसलिए, क्योंकि कर्नाटक में बीजेपी गठबंधन की सरकार है। झारखंड में कुछ काम होगा, तो यूपी और बिहार वालों के पेट में दर्द शुरू हो जाता है। जनसभा में मंत्री आलमगीर आलम, विधायक अनूप सिंह, विधायक अम्बा प्रसाद, विधायक नेहा तिर्की, किशन राम अकेला, दर्जा प्राप्त मंत्री फागु बेसरा, योगेन्द्र महतो, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व सांसद भुनेश्वर मेहता, कार्यकारी अध्यक्ष जलेशर महतो और शाहजादा अनवर मौजूद रहे।

Share this:




Related Updates


Latest Updates