– 

Bengali
 – 
bn

English
 – 
en

Gujarati
 – 
gu

Hindi
 – 
hi

Kannada
 – 
kn

Malayalam
 – 
ml

Marathi
 – 
mr

Punjabi
 – 
pa

Tamil
 – 
ta

Telugu
 – 
te

Urdu
 – 
ur

होम

वीडियो

वेब स्टोरी

Madhya Pradesh : देश में अस्थिरता-अराजकता फैलाना चाहती है कांग्रेस : नरेन्द्र मोदी

IMG 20231108 WA0010

Share this:

Madhya Pradesh assembly election, Madhya Pradesh news, Bhopal News, pm Narendra Modi : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के नीमच में चुनावी जनसभा में कहा कि यह जनता है, जिन्होंने देशहित में बड़े फैसले लेनेवाली भाजपा की सरकार बनायी है। यह बात कांग्रेस को पच नहीं रही है। कांग्रेस देश में अस्थिरता फैलाना चाहती है, अराजकता फैलाना चाहती है। इसके लिए कांग्रेस ने न जाने किस-किस से समझौते किये हैं। जो लोग भारत के खिलाफ बोलते हैं, कांग्रेस उनके साथ खड़ी नजर आती है। इसलिए मध्य प्रदेश के लोगों को कांग्रेस से सतर्क रहना है। कांग्रेस देश के लिए सिर्फ समस्या पैदा करना जानती है, उसके पास कोई समाधान नहीं होता।

छतरपुर के बाद नीमच में सभा को संबोधित किया

मोदी सतना और छतरपुर के बाद नीमच जिले में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नीमच का देश की आजादी में महत्त्वपूर्ण योगदान रहा है। यह धरती सीआरपीएफ की जन्मस्थली के रूप में जानी जाती है। यहां का फुटबॉल प्रेम भी किसी से छुपा नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद एमपी में सुशासन की निरंतरता, विकास और समृद्धि को है। यह आशीर्वाद भाजपा के ट्रैक रिकॉर्ड और मोदी की गारंटी को है। मोदी की गारंटी यानी हर गारंटी पूरे होने की गारंटी। इससे बड़ी गारंटी मध्य प्रदेश की जनता ने दी है। मध्य प्रदेश की जनता ने प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने की गारंटी दी है।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति पर चली है। आजादी के समय कांग्रेस ने एक परिवार की भक्ति में राष्ट्र निर्माण के जज्बे को कुचल दिया। चाहे केन्द्र हो या राज्य, कांग्रेस की सरकार ने हमेशा भ्रष्टाचार के नये-नये रिकॉर्ड बनाये हैं। एमपी में कांग्रेस बहुमत के लिए तरस रही है। कांग्रेस के पास विजन के नाम पर सिर्फ विरोध और विभाजन है। जहां विभाजन होता है, वहां विजन सम्भव नहीं होता है। इसके विपरीत भाजपा विकास के लिए कार्य कर रही है। जिन क्षेत्रों में कांग्रेस कभी गयी ही नहीं, उन क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है।

भगवान राम को भी काल्पनिक बता दिया

प्रधानमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी कहा करते थे कि ईमानदारी से शासन चलना चाहिए, रामराज्य लाना चाहिए, लेकिन कांग्रेस ने एक तरफ भ्रष्टाचार का किला खड़ा किया, दूसरी तरफ भगवान राम को भी काल्पनिक बता दिया। डॉ. आंबेडकर कहा करते थे कि हर गरीब और वंचित को सम्मान का जीवन मिलना चाहिए। कांग्रेस ने इसका भी उलटा ही किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय 2-जी घोटाला होता था, लेकिन आज भाजपा के शासनकाल में 3-जी से विकास हो रहा है। देश में 5-जी नेटवर्क स्थापित किया जा रहा है। देश-दुनिया में एटीएम, क्रेडिट और इंटरनेट की टेक्नोलोजी पहले भी थी, लेकिन भारत में यह टेक्नोलॉजी बहुत देर में आयी। कांग्रेस की नीयत कभी विकास की थी ही नहीं। सिर्फ 6-7 साल में भारत के भीम यूपीआई ने डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में क्रांति ला दी। मोदी ने कहा कि कांग्रेस लोकसभा और विधानसभा में 33 फीसदी आरक्षण को लटकाती रही। मोदी ने बहनों-बेटियों को दी यह गारंटी पूरी की। मोदी ने खदानों से लेकर सेना के अग्रिम मोर्चे तक, हर दरवाजे बेटियों के लिए खोल दिये हैं। आज बेटियां सेना में भर्ती हो रही हैं, उनके लिए सेनाओं में अफसर बनने के नये रास्ते खुले हैं। सीआरपीएफ सहित हमारे सभी केंद्रीय बलों में बेटियों की संख्या तो बीते 10 वर्षों में दोगुनी से अधिक हो चुकी है। पुलिस भर्ती में भी बेटियों की संख्या कहीं अधिक हो चुकी है।

कांग्रेस ने बुंदेलखंड को बूंद-बूंद पानी को तरसाया 

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस की सरकार ने बुंदेलखंड को पानी के लिए तरसाया। इनको 100 साल तक सत्ता के लिए तरसाइए। तब इनको पता चलेगा पानी के लिए तरसना क्या होता है। दशकों तक जब कांग्रेस की सरकार थी, तब भी केन बेतवा नदियां बहती थीं, फिर इन नदियों को मोदी का इंतजार क्यों करना पड़ा। उन्हें आपकी कोई चिंता नहीं है। हमारी सरकार यहां केन-बेतवा लिंक ला रही है, जिससे यहां सिंचाई के लिए किसानों को पर्याप्त पानी मिलेगा।

कांग्रेस को हमेशा सिर्फ वोट की फसल की चिंता रही

प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को मध्य प्रदेश के छतरपुर में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हमेशा सिर्फ वोट की फसल की चिंता रही है। किसान के खेत प्यासे हैं, इसकी चिंता न कांग्रेस को कल थी, न आज है। जहां-जहां कांग्रेस आयी, तबाही लायी। कांग्रेस के पास सिर्फ एक पंजा है और पंजा सिर्फ गरीबों से छीनने के काम आता है। कांग्रेस के पंजे से आपको खुद को भी बचाना है और मध्य प्रदेश के भी बचाना है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के मन में मोदी है और मोदी के मन में मध्य प्रदेश है। आपका उत्साह और उमंग साफ-साफ दिखा रहा है कि भाजपा जीत का नया रिकार्ड बनाने जा रही है। मोदी ने कहा, ‘आज मैं छतरपुर का, इस पूरे क्षेत्र का आशीर्वाद मांगने के साथ-साथ आपका आभार व्यक्त करने के लिए भी आया हूं। आपने देखा कि जी-20 का कितना बड़ा सम्मेलन दिल्ली में हुआ, जी-20 की एक बहुत बड़ी बैठक यहां खजुराहो में भी हुई थी। इस कार्यक्रम को आपकी वजह से ही सफलता मिली और पूरी दुनिया में जब आपका गुणगान सुनने को मिलता है, तो मेरा सीना गर्व से भर जाता है।’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी ऐतिहासिक स्थलों का ध्यान रखा? उनके लिए तो दिल्ली से ही सरकार शुरू होती थी और दिल्ली में ही खत्म हो जाती थी। 

चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए नेताओं को गरीबों से कोई मतलब नहीं

चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए नेताओं को गरीबों से कोई मतलब नहीं रहा। ये गरीबों के साथ वीडियो निकलवा कर दिल्ली चले जाते थे, फिर गरीबों से उन्हें कोई मतलब नहीं रहता था।प्रधानमंत्री ने कहा कि हम वह लोग हैं, जो भारत की माटी का यह चंदन माथे पर लगा कर गर्व से भर जाते हैं। फौलाद से भरी हुई बुंदेलखंड की मिट्टी में भी हमें यही प्रेरणा, यही शिक्षा, यही सामर्थ्य का संदेश मिलता है। कांग्रेस ने न इस मिट्टी की ताकत समझी और न ही देश की आन-बान-शान बढ़ाने का काम किया। गुलामी की मानसिकता से भरी हुई कांग्रेस को न कभी देश का विकास समझ आया और न ही देश की विरासत से उसे कोई लेना-देना रहा। कांग्रेस की सरकार के लिए तो पूरा देश दिल्ली में ही खत्म हो जाता था।

Share this:




Related Updates


Latest Updates