Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
Error
Location unavailable
🗓️ Sun, May 4, 2025 🕒 7:36 PM

JMM Convention : झारखंड मुक्ति मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष बने हेमन्त सोरेन

JMM Convention : झारखंड मुक्ति मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष बने हेमन्त सोरेन

Share this:


Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सर्वसम्मति से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केन्द्रीय अध्यक्ष बनाये गये हैं। पार्टी के संविधान में संशोधन करते हुए कार्यकारी अध्यक्ष के पद को समाप्त कर दिया गया है। पार्टी ने हेमन्त सोरेन को केन्द्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पार्टी का संस्थापक संरक्षक बनाया गया है। यह फैसला JMM के 13वें महाधिवेशन ( JMM Convention) के दूसरे दिन मंगलवार को लिया गया। इसी के साथ खेलगांव में चल रहे झामुमो के दो दिवसीय महाधिवेशन का समापन हो गया।
शिबू सोरेन को पार्टी का संस्थापक संरक्षक बनाये जाने का प्रस्ताव पार्टी नेता नलिन सोरेन ने रखा और स्टीफन मरांडी ने इसका समर्थन किया। इसके बाद शिबू सोरेन ने हेमन्त सोरेन को झामुमो का केन्द्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। महाधिवेशन में शिबू सोरेन ने मौजूद लोगों से हेमन्त सोरेन को आशीर्वाद देने का आग्रह किया।

केन्द्रीय अध्यक्ष की घोषणा के बाद हेमन्त ने कहा; नयी ऊर्जा के साथ पार्टी चलेगी


केन्द्रीय अध्यक्ष बनाये जाने के बाद हेमन्त सोरेन ने कहा कि नयी ऊर्जा के साथ पार्टी चलेगी और राज्य का सर्वांगीण विकास किया जायेगा। ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को संगठन से जोड़ा जाये, इस पर भी काम किया जा रहा है। महिलाओं को जिला अध्यक्ष के साथ तमाम पदों पर बैठाया जायेगा। उन्होंने कहा कि जब कार्यकारी अध्यक्ष था, तब गलती करने का मौका था। लेकिन, अब गलती करने की गुंजाइश नहीं है। पार्टी के अन्दर अनुशासन सबसे मुख्य बिन्दु है। संगठन को पूरे देश के अन्दर बढ़ाने की तैयारी है। पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित होना होगा, तभी सफर को मंजिल तक पहुंचाया जा सकेगा।

सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर हेमंत ने धन्यवाद,आभार.. जताया


वहीं, उन्होंने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर लिखा, ”बाबा दिशोम गुरुजी ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, पार्टी के लाखों साथियों ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसे दिन-रात कड़ी मेहनत कर पूरा करने का काम करूंगा। आप सभी का यही साथ ही मेरी ताकत है। बाबा के मार्गदर्शन में वीर पुरुखों के सपनों को साकार करने के लिए मैं दोगुनी ताकत के साथ राज्यवासियों की सेवा के लिए आगे बढूंगा। आप सभी के अपार स्नेह और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद, आभार…।’

पार्टी ने तय की शिबू सोरेन की नयी भूमिका

पार्टी ने शिबू सोरेन की नयी भूमिका तय की है। शिबू सोरेन 1987 से झामुमो के अध्यक्ष थे और उन्होंने पार्टी को दिशा देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभायी है। अब उनकी भूमिका बदल कर संस्थापक संरक्षक की होगी, जिसमें वह पार्टी के लिए एक मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे। झामुमो ने वर्ष 2025 में अपने गठन के 53 वर्ष पूरे कर लिये हैं। पार्टी का गठन चार फरवरी 1973 को हुआ था। पार्टी का पहला स्थापना दिवस धनबाद के गोल्फ मैदान में मनाया गया था। मौजूदा समय में झामुमो झारखंड की राजनीति में एक प्रमुख दल है और सता में है।

कब-कब हुआ झामुमो का महाधिवेशन

पहला महाधिवेशन : 01 और 02 जनवरी 1983 धनबाद में, दूसरा महाधिवेशन : 26-28 अप्रैल 1986 को रांची में, तीसरा महाधिवेशन : 10-12 मई 1989 को दुमका में, चौथा महाधिवेशन : 10-12 जून 1994 को बोकारो में, पांचवां महाधिवेशन : 24-26 जून 1997 को जमशेदपुर में, छठा महाधिवेशन : 11-13 जून 2000 को रांची में, सातवां महाधिवेशन : 11-13 जून 2003 को जमशेदपुर में, आठवां महाधिवेशन : 27-29 जनवरी 2007 को देवघर में, नौवां महाधिवेशन : 20-22 सितम्बर 2010 को दुमका में, दसवां महाधिवेशन : 16-18 अप्रैल 2015 को जमशेदपुर में, 11वां महाधिवेशन : 06-08 मई 2018 को धनबाद में, 12वां महाधिवेशन : 18 दिसम्बर 2021 को रांची में, 13वां महाधिवेशन : 14-15 अप्रैल 2025 को रांची के खेलगांव स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया।

Share this:

Latest Updates