– 

Bengali
 – 
bn

English
 – 
en

Gujarati
 – 
gu

Hindi
 – 
hi

Kannada
 – 
kn

Malayalam
 – 
ml

Marathi
 – 
mr

Punjabi
 – 
pa

Tamil
 – 
ta

Telugu
 – 
te

Urdu
 – 
ur

होम

वीडियो

वेब स्टोरी

उलगुलान महारैली : हेमन्त और अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को बताया तानाशाही का प्रतीक 

IMG 20240421 WA0018

Share this:

Breaking news, Ranchi news, Ranchi top news, Jharkhand top news, Jharkhand news, Ranchi update, Jharkhand update : राज्य की राजधानी रांची के प्रभात तारा मैदान में रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के तत्वावधान में उलगुलान न्याय महारैली का आयोजन किया गया। इसमें इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेता शामिल हुए। सभी ने जम कर केन्द्र सरकार को निशाने पर लिया। साथ ही, दावा किया कि अबकी बार जनता उन्हें दिल्ली की गद्दी से बाहर कर देगी। जुमलेबाजी, बढ़ती महंगाई से जनता ऊब चुकी है। मोदी सरकार की विदाई तय है।

वोट के लिए आदिवासी, एससी को देश का राष्ट्रपति बनाया : मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सालाना दो करोड़ लोगों को नौकरी देने, किसानों की आय दोगुनी करने, हर किसी के खाते में 15 लाख रुपये डालने का मुद्दा उठाया। उन्होंने मोदी को झूठों का सरदार कहा। साथ ही, कहा कि ये लोग झूठ बोल कर वोट लेते हैं और बाद में जनता को तबाह कर देते हैं। खड़गे ने कहा कि हमेशा मोदी कहते हैं कि मैंने आदिवासी को इस देश का राष्ट्रपति बनाया, मैंने शेड्यूल कास्ट के व्यक्ति को राष्ट्रपति बनाया। उन्होंने कहा कि तुमने वोट के लिए उन्हें राष्ट्रपति बनाया। उनके कल्याण या स्वाभिमान के लिए नहीं। उनके स्वाभिमान को आपने ठेस पहुंचायी है।

खड़गे ने कहा कि मोदी गरीबों का वोट छीन लेना चाहते हैं। वह बार-बार कहते हैं कि अबकी बार 400 पार। उन्होंने कहा कि हमारी संसद में 543 सीटें हैं। मोदी कहते हैं 400 पार। गनीमत है कि उन्होंने अब तक नहीं कहा 600 पार। साथ ही, कहा कि गठबंधन की शक्ति इस बार इतनी है कि मोदी हो या कोई और, हमारी मजबूती को तोड़ नहीं सकते। हेमन्त सोरेन को जेल में डालने से हम डरनेवाले नहीं हैं। केजरीवाल को जेल में डालने से हम डरनेवाले नहीं हैं। हम जनता से डरते हैं। तुम्हारे जैसे लीडरों से नहीं डरते।

हेमन्त सोरेन ने जेल से भेजी चिट्ठी, कल्पना सोरेन ने पढ़ा

कल्पना सोरेन ने हेमन्त सोरेन का संदेश पढ़ा। उन्होंने कहा कि देश एक विषम परिस्थिति से गुजर रहा है। वर्ष 2014 से देश में एनडीए की सरकार चल रही है। हालांकि, पूरे देश के राज्यों का जनाधार एनडीए को अबतक नहीं मिला है। ऐसे में भाजपा-एनडीए गैर भाजपाई राज्यों के साथ सौतेलापन दिखा रही है। उनके साथ नहीं आनेवाले को जेल भेजा जा रहा है। हर वर्ग को ठगा गया है। अलग-अलग सूचना तंत्रों के माध्यम से जनता को भ्रमित किया जा रहा।

पत्र में कहा है कि झारखंड के लोग गरीब हैं। यहां के संसाधनों से देश चलता है, लेकिन यहां के लोगों को हक-अधिकार नहीं मिल रहे। पूरे देश को किस तरह से केन्द्र सरकार ने ठगा और लूटा है, इसे रैली में नेता बतायेंगे। राज्य अलग होने के बाद परिसीमन की बात थी, जिससे आदिवासियों की सीट और घट जाती, लेकिन शिबू सोरेन के विरोध के कारण परिसीमन लागू नहीं हो सका।

वर्तमान लोकसभा चुनाव के बाद केन्द्र सरकार फिर से इस विषय को लानेवाली है और जिस तरह से वह कानून बना रही है, उससे आदिवासियों-दलितों को नुकसान होनेवाला है। आज के परिप्रेक्ष्य में आदिवासी, दलितों के खिलाफ केन्द्र सरकार का रवैया खराब है। अबकी लोकसभा चुनाव मजबूती से लड़ेंगे और जीतेंगे भी। देश की अखंडता को तोड़नेवालों को खदेड़ा जायेगा।

शक्ति प्रदर्शन नहीं, संविधान और लोकतंत्र को बचाने का संकल्प : भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने कहा कि यह राजनीतिक रैली नहीं…शक्ति प्रदर्शन भी नहीं…संविधान, लोकतंत्र को बचाने को संकल्प लेने को आये हैं। सुनीता और कल्पना के पति जेल में हैं। उनका कसूर क्या था। वे बेरोजगारी मिटाना चाहते थे। महिलाओं को मुफ्त में सफर, बिजली देने की बात करते थे। अरविंद केजरीवाल और हेमन्त सोरेन की खाली कुर्सियां ही भाजपा की कुर्सियां खाली करायेंगी। भाजपा समझती है कि जेल में आवाज डाल कर आवाज दबा देंगे। छह महीने बाद संजय सिंह को ईडी ने कहा कि कोई सबूत नहीं है। ऐसे ही हेमन्त सोरेन को कहेंगे।

बिना आरोप साबित हुए केजरीवाल को जेल भेजा : सुनीता केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि उनके पति को मोदी ने जेल में डाल दिया। यहां के सीएम हेमन्त को भी जेल में डाल दिया। आखिर क्या कसूर है उनका। अदालत ने उन्हें दोषी नहीं ठहराया। कहते हैं कि जांच चल रही है। बिना कोई दोष साबित हुए जेल में डाल दिया जा रहा है। ऐसी तानाशाही कोई बर्दाश्त करेगा क्या। उनके पति का क्या कसूर है।

सुनीता ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली में अच्छी शिक्षा दिलवायी…अस्पताल बनवाये…मोहल्ला क्लिनिक बनवाये, जिसकी चर्चा देशभर में है। देशभक्ति केजरीवाल में कूट-कूट कर भरी है। इनके सहपाठी बाहर गये, लेकिन ये इस देश और यहां की जनसेवा के लिए कहीं नहीं गये। उन्होंने मुझसे पूछा भी था कि समाज सेवा करनी है, तुम्हें कोई प्रॉब्लम तो नहीं होगी। ऐसे शख्स को जेल में डाल दिया।

भाजपा को भगाना है, देश को बचाना है : तेजस्वी 

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी याद ने कहा कि झारखंड ने मूड बना लिया है, भाजपा को भगाना है, देश को बचाना है। भाजपा को भगाओ, देश का संविधान, लोकतंत्र बचाओ। मोदी की बात नहीं करने आये हैं। पढ़ाई-दवाई की बात करने आये हैं। पूरे देश में तानाशाही चल रही है, उसे कुचलना है। यहां केजरीवाल और हेमन्त की एक-एक सीट खाली है। जनता मालिक है। दोनों को न्याय दिलाना है।

तेजस्वी ने कहा कि झारखंड और दिल्ली में इतना अच्छा काम चल रहा था, मोदी को पचा नहीं। ईडी, आईटी और सीबीआई को लगा दिया। जेल में डाला गया। पूर्व में मेरे पिता को भी जेल में डाला। उनके ऊपर भी केस लगाया गया। इन्हें नहीं पता, हम क्या डरेंगे। देश को बदहाल किया है। इसका बदला लेना है केन्द्र सरकार से।

पूरा देश झारखंड के साथ लड़ाई में खड़ा : संजय सिंह

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि देश में अलग-अलग जगहों पर भाजपा की दुकान समेटी जा रही है। बिहार के अंदर भाजपा की दुकान को बंद करने का जिम्मा तेजस्वी यादव ने लिया है। प्रियंका चतुर्वेदी का गठबंधन महाराष्ट्र में भाजपा को हटाने में लगा है। बिरसा की धरती से मोदी को संदेश दे रहा कि भाजपा जमानत जब्त कराने को तैयार है। हमारे सबसे बड़े नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसौदिया, हेमन्त सोरेन को जेल में रखा है। पूरा देश झारखंड के साथ लड़ाई में खड़ा है।

भाजपा ने शेर को गिरफ्तार किया है, दहाड़ को नहीं : अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि यहां के एलान हो रहा है कि जो लोग 2014 में आये थे, वे 2024 में यहां से हटाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार नारा लगा रही है कि इस बार 400 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। अखिलेश ने कहा कि ये घबराये हुए लोग हैं। ये हार चुके हैं। हार चुके लोग अन्याय लेकर आये हैं। जब मैदान में पहलवान हारने लगता है, तो हर हथकंडे अपनाता है। कभी-कभी नोंचता-काटता भी है। साथ ही, कहा कि भाजपा ने शेर को गिरफ्तार किया है, लेकिन दहाड़ को नहीं। इनके पास जनता को बताने के लिए कुछ नहीं है। किसानों से कहा था कि सत्ता में आयेंगे, तो किसानों की आय दोगुनी कर देंगे।

मैं चीनी या पाकिस्तानी नहीं, भारतीय मुसलमान हूं : फारूक अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि वह मुसलमान हैं, लेकिन चीनी या पाकिस्तानी मुसलमान नहीं हैं। वह हिन्दुस्तानी मुसलमान हैं। भारत के मुसलमान हैं। भारत में अलग-अलग प्रांतों में अलग-अलग भाषा बोलनेवाले लोग रहते हैं। यही हमारे लोकतंत्र की खूबसूरती है। हम सबको एक उम्मीद ने जोड़ रखा है कि यदि हमें आगे बढ़ना है, भारत को आगे बढ़ना है, तो हम सबको मिल कर रहना होगा। उन्होंने कहा कि राम पूरे विश्व के राम हैं। हरेक के राम हैं।

अब लोकतंत्र को बचाने का वक्त आ गया : विवेक गुप्ता

टीएमसी के पूर्व सांसद विवेक गुप्ता ने कहा कि वह इंडिया अलायंस में गर्व के साथ शामिल हुए हैं। अरविंद और हेमन्त का चेयर रैली में खाली है। केन्द्र चाहे जितना जोर लगा ले, दोनों नेताओं की वापसी होगी। सावित्री नाम की महिला पति को यमराज से वापस ले आयी थी। यहां सुनीता और कल्पना के साथ तो उनके समर्थक भी हैं। अब लोकतंत्र को बचाने का वक्त आ गया है। एक-एक वोट, भाजपा को चोट, यह मैसेज सब जगह जाये।

ईडी-सीबीआई विपक्ष का गला घोंटने में लगी : प्रियंका 

शिवसेना (उद्भव ठाकरे गुट) की प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि उद्भव ठाकरे महाराष्ट्र में चुनाव के मौसम में व्यस्त हैं। उन्होंने संदेश दिया है कि हमारी दो बहनें दिल्ली और झारखंड की हैं। उनके लिए आवाज उठाओ। ईडी, सीबीआई विपक्षी आवाज का गला घोंटने में लगी हैं। झूठी सरकार के खिलाफ बोलनेवालों के खिलाफ एक्शन हो रहा है। वर्ष 2014 से अब तक एक भी वादे मोदी ने पूरे नहीं किये। हम आने वाली पीढ़ी के लिए लड़ाई लड़ते रहेंगे और जो-जो ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग कर रहे हैं, उन सबको सबक सिखायेंगे।

झारखंड को फंसाने की भाजपा की साजिश : दीपांकर

माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड को फंसाने की भाजपा की जो साजिश है, वह नयी नहीं, पुरानी है। अलग राज्य बनने के बाद से ही ऐसा हो रहा है। आरएसएस-भाजपा का वश चलता, तो इस राज्य का नाम वनांचल कर देते। नाम नहीं बिगाड़ पाये, लेकिन काम बिगाड़ने की कोशिश जारी है। नया राज्य बनने के बाद डोरंडा में ईद के मौके पर गोली चलती है। उन्होंने कहा कि 400 पार के गुब्बारे की हवा लोगों ने पहले चरण में ही निकाल दी है। इंडिया गठबंधन की सरकार अब सब बनायेंगे। लोगों की सबसे बड़ी चिंता बेरोजगारी और महंगाई है।

आदिवासियों को अशिक्षित रखना चाहती है भाजपा 

झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि भाजपा की सरकार ने 5000 स्कूल बंद किये, लेकिन हमारी सरकार ने स्मार्ट स्कूल खोलने शुरू कर दिये। भाजपा झारखंड के आदिवासियों, दलितों, मूलवासियों और पिछड़ा वर्ग के बच्चों को अशिक्षित रखना चाहती थी, लेकिन हेमन्त सोरेन ने मॉडल स्कूल खोलना शुरू किया, तो भाजपा परेशान हो उठी। भाजपा ने लम्बे समय तक झारखंड पर शासन किया। कभी उसने आदिवासी, दलित, गरीब, पिछड़ा, मूलवासी की बात नहीं की। वर्ष 2022 तक सभी लोगों को पक्का आवास देने की बात भाजपा ने कही थी। झारखंड को पीएम आवास नहीं मिला, तो हेमन्त सोरेन ने अबुआ आवास योजना की शुरुआत कर दी। हम 30 लाख परिवारों को अबुआ आवास देने जा रहे हैं।

Share this:




Related Updates


Latest Updates