Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

लातेहार में उग्रवादियों का तांडव, सड़क निर्माण से जुड़े मुंशी की गोली मारकर हत्या

लातेहार में उग्रवादियों का तांडव, सड़क निर्माण से जुड़े मुंशी की गोली मारकर हत्या

जेसीबी व ग्रेडर मशीन में भी लगायी आग, दर्जनभर हथियारबंद उग्रवादियों ने गांव पर बोला धावा, उग्रवादियों ने गांव में दो घंटे तक मचाया उत्पात

Latehar news : जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र स्थित ओरसा पंचायत में उग्रवादियों ने दहशत फैलाने वाली वारदात को अंजाम दिया। करीब एक दर्जन की संख्या में अज्ञात हथियारबंद उग्रवादियों ने गांव पर धावा बोला, जहां उन्होंने सड़क निर्माण कार्य से जुड़े एक मुंशी की गोली मार कर हत्या कर दी और निर्माण कार्य में लगी जेसीबी व ग्रेडर मशीन को आग के हवाले कर दिया।घटना के दौरान उग्रवादियों ने गांव में दो घंटे तक उत्पात मचाया। मृतक की पहचान ओरसा निवासी अयूब अहमद (60) के रूप में हुई है, जो बीते दो वर्षों से मुंशी के रूप में कार्यरत थे। 

बताया गया कि रात करीब आठ बजे उग्रवादी उनके घर पहुंचे और उन्हें घर से सौ मीटर दूर ले जाकर चार गोलियां मार दीं। घटनास्थल से चार इंसास रायफल के खोखे बरामद हुए हैं। उग्रवादियों ने मृतक के घर के सामने खड़ी जेसीबी और ग्रेडर मशीन से तेल निकाल कर दोनों में आग लगा दी। जेसीबी व ग्रेडर मशीन ठेकेदार मनोज जायसवाल की बतायी जा रही है, जबकि मृतक ठेकेदार मनोज सिंह के अधीन काम कर रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी शिवपूजन बहेलिया, थाना प्रभारी मनोज कुमार व छत्तीसगढ़ के सामरी थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों ने ठेकेदार को बुलाने की मांग की। इसके बाद काफी समझाने-बुझाने पर शव को लातेहार भेजा गया। मृतक की पत्नी सलेहा बीबी ने घटना की दर्दनाक कहानी सुनाते हुए बताया कि तीन काली वर्दीधार लोग घर में घुसे और पति को जबरन बाहर ले गये। उन्हें अंदर कर दरवाजा बंद कर दिया गया। उग्रवादियों ने गांव के कुछ और लोगों को भी कब्जे में लेकर निर्माण कार्य में लगी मशीनों में आगजनी की। इस बीच ओरसा पंचायत के उप मुखिया वकील अहमद ने बताया कि रास्ते में उग्रवादियों ने उन्हें रोका, मोबाइल बंद कराया, मारपीट की और पंचायत में कार्यरत ठेकेदारों की जानकारी ली। बाद में अयूब अहमद को अपने साथ ले गये। थोड़ी देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी और कुछ समय बाद अयूब अहमद का शव मिला। पुलिस ने इस घटना को लेवी वसूली से जोड़ कर जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक किसी संगठन ने घटना की जिम्मेदारी नहीं ली थी और न ही घटनास्थल से कोई परचा बरामद हुआ है। डीएसपी शिवपूजन बहेलिया ने कहा कि सभी बिन्दुओं पर गम्भीरता से जांच की जा रही है।

Share this:

Latest Updates