नयी दिल्ली : केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के एक बड़े मामले में ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल), डुलियाजन, असम के डिप्टी जनरल मैनेजर और नोएडा की एक निजी कम्पनी के सेल्स एंड मार्केटिंग डीजीएम को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 07 लाख रुपये की रिश्वत मांगने और लेने का आरोप है।
सीबीआई के बयान के मुताबिक, 03 मई को 04 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि ऑयल इंडिया के अधिकारी प्रयास चक्रवर्ती और कम्पनी के डीजीएम ज्योति कुमार सिंह मिल कर ठेके दिलवाने और बिल पास कराने के बदले घूस लेते थे। ऑयल इंडिया अधिकारी ने एक ठेका दिलवाने के बदले 70 ग्राम सोने के आभूषण की मांग की थी। लेकिन, निजी कम्पनी के अधिकारी ने सोने की जगह 07 लाख रुपये नकद देने की बात कही। यह रकम कम्पनी के एमडी ने जुटायी और अधिकारी को सौंपी।
इस रकम में से ऑयल इंडिया अधिकारी ने नोएडा की एक दुकान से 3.73 लाख रुपये के सोने के सिक्के खरीदे और बाकी रुपये अपने घर ले गया। उसी दिन सीबीआई ने जाल बिछा कर उसे रंगेहाथों नकदी और सोने की खरीद से जुड़े दस्तावेजों के साथ पकड़ लिया। दोनों आरोपितों को आज गाजियाबाद की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जायेगा। दिल्ली, नोएडा, डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया में आरोपितों के घरों और दफ्तरों पर छापे में 30 लाख रुपये से ज्यादा की नकदी, सोने के गहने, मोबाइल और कई अहम दस्तावेज जब्त किये गये हैं।



