जेएससीए में हमेशा दूसरों को नियम कानून और नैतिकता का पाठ पढ़ाने वाले असीम सिंह की असीम कृपा
Lochan Singh, Ranchi: बंगाल क्रिकेट लीग खेलने वाले 26 साल के दो क्रिकेटरों परमजीत सिंह और सचिन दुबे को पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) जिला क्रिकेट टीम से अंडर-19 अंतर जिला टूर्नामेंट में शिरकत करवाने का बड़ा और सनसनीखेज मामला सामने आया है। अब सवाल उठता है कि आख़िर किस मजबूरी या स्वार्थ के कारण पिछले 5 वर्षों से बंगाल लीग और इनवर्सिटी खेलने वाले 26 साल के इन दोनों क्रिकेटरों को पश्चिमी सिंहभूम जिला से मैच खिलाया गया। इसमें से एक क्रिकेटर सचिन दुबे को जेएससीए द्वारा आयोजित अंडर -19 जोनल क्रिकेट टीम में भी रखा गया है। पर्दे के पीछे से जेएससीए को चलाने का दंभ भरने वाले असीम सिंह के इस कारनामे से सारे क्रिकेटर और क्रिकेट प्रेमी आश्चर्यचकित हैं।
वाजिब क्रिकेटरों की हो रही हकमारी
इस चयन से चाईबासा और झारखंड के वाजिब क्रिकेटरों का हक मारा जा रहा है। क्या इन दोनों क्रिकेटरों को मैच खिलाने के पहले जेएससीए द्वारा निर्धारित उम्र संबंधी नियमों का पालन किया गया। अगर नहीं तो क्यों? और किया गया तो इसके जिम्मेदारों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए। आख़िर कोई जिला क्रिकेट संघ इस तरह की मनमानी कैसे कर सकता है, जो जेएससीए के नियम कानून का भी ठेंगा पर रखता हो। जेएससीए के पदाधिकारी के लिए यह बहुत बड़ी परीक्षा की घड़ी है, ताकि आगे से कोई भी जिला क्रिकेट संघ इस तरह का दुस्साहस न कर सके। इस खबर से जुड़े सारे प्रमाण संलग्न हैं।
एक नजर में सचिन दुबे का विवरण
पश्चिमी वर्धमान जिला क्रिकेट संघ में दर्ज रिकॉर्ड के अनुसार सचिन दुबे के पिता का नाम संजय कुमार दुबे है। वह चितरंजन में रहते हैं। वहां के रिकॉर्ड के अनुसार उनकी जन्म तिथि 13 अक्टूबर 2001 है। सचिन दुबे ने पश्चिमी वर्तमान जिला की ओर से 2024- 25 में तालतला इंस्टिट्यूट से क्रिकेट खेला। 2023-24 में वर्णपुर क्रिकेट क्लब से क्रिकेट लीग में शिरकत किया। 2022-23 की बात करें तो उन्होंने कुमारतुली इंस्टीट्यूट को चुना। 2020-21 और 2021-22 में उन्होंने बालक संघ से क्रिकेट खेला।

एक नजर में परमजीत सिंह का विवरण
क्रिकेटर परमजीत सिंह के पिता का नाम एन सिंह है। वह भी पश्चिम वर्धमान जिला के रहने वाले हैं। परमजीत सिंह ने सत्र 2025- 26 और 2024 -25 में तालतला इंस्टीट्यूट से क्रिकेट लीग खेल है। कुल मिलाकर परमजीत सिंह पिछले 5 वर्षों से पश्चिम वर्धमान जिला क्रिकेट लीग अलग-अलग टीमों से खेलने आ रहे हैं।

क्या जेएससीए कार्रवाई करेगा !
परमजीत सिंह और सचिन दुबे पश्चिम बंगाल में पश्चिम वर्धमान जिला क्रिकेट लीग खेलते हैं। दोनों क्रिकेटर वर्धमान यूनिवर्सिटी से भी शिरकत कर चुके हैं। इस वर्ष जेएससीए अंतर जिला अंडर-19 में शिरकत करते हुए धनबाद के विरुद्ध सचिन दुबे ने 116 रनों की पारी खेली थी। वही जमशेदपुर के विरुद्ध इस साल परमजीत सिंह ने 72 रनों की पारी खेली थी। यह दोनों मैच पश्चिमी सिंहभूम मैं जीते थे। इस खुलासे के बाद क्या जेएससीए पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ पर कार्रवाई करने की हिम्मत करेगा।



