New Delhi news : पाकिस्तान के खिलाफ चल रहे संघर्ष विराम की घोषणा के बाद सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने पाकिस्तान से लगी पश्चिमी सीमाओं के सेना कमांडरों के साथ सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संघर्ष विराम और हवाई क्षेत्र के उल्लंघन पर सेना कमांडरों को जवाबी कार्रवाई के पूर्ण अधिकार दिये हैं। इससे पहले वायु सेना ने सशस्त्र बलों के ‘आपरेशन सिन्दूर‘ के अभी भी जारी होने का एलान किया है।
भारत-पाक संघर्ष विराम की घोषणा शनिवार शाम में हुई थी। बाद में रक्षा मंत्रालय की ओर से बताया गया कि दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) के बीच सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय मानक समय अनुसार 17:00 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। दोनों पक्षों को इस सहमति को लागू करने के निर्देश दिये गये। इसी के बाद 10-11 मई की रात को सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी ने पश्चिमी सीमाओं के सेना कमांडरों के साथ वर्चुअल वार्ता करके सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। सीओएएस ने सेना कमांडरों को 10 मई की डीजीएमओ वार्ता के माध्यम से बनी सहमति के उल्लंघन पर जवाबी कार्रवाई के निर्देश दिये हैं।
इससे पहले रविवार को दोपहर में भारतीय वायु सेना ने एक बयान में कहा कि चूंकि, ‘आपरेशन सिन्दूर‘ अभी भी जारी है, इसलिए समय रहते विस्तृत ब्रीफिंग की जायेगी। वायु सेना ने सभी से अटकलों और असत्यापित सूचनाओं के प्रसार से बचने का आग्रह किया है। वायु सेना ने बयान में कहा कि ‘आपरेशन सिन्दूर’ में सौंपे गये कार्यों को सटीकता और व्यावसायिकता के साथ सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया है। आपरेशन राष्ट्रीय उद्देश्यों के अनुरूप सोच-समझ कर और विवेकपूर्ण तरीके से संचालित किये गये।



