हादसे में दो परिवारों के लोग शामिल, मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया दुख
Hyderabad news : हैदराबाद शहर स्थित चारमीनार इलाके में मिरचौक क्षेत्र के गुलजार हाउस में भीषण आग लग गयी। घटना में 17 लोगों की मौत हो गयी, जबकि कई अन्य गम्भीर रूप से झुलस गये हैं। मरनेवालों में महिला और बच्चे भी शामिल हैं। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है। दमकल की गाड़ियां इमारत में फंसे कुछ अन्य लोगों को बचाने की कोशिश कर रही हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेहतर इलाज के लिए पूरे प्रयास करेगी।
पुलिस के अनुसार आग चारमिनार इलाके में गुलजार हाउस के पास एक बिल्डिग में रविवार को करीब सुबह 06 बजे लगी। घटना में झुलसने घटनास्थल पर ही आठ लोगों की मौत हो गयी, जबकि लोगों के इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। आग बिल्डिंग की पहली मंजिल पर लगी, जिसने बाद में विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि, आशंका है कि इमारत में लगे एसी में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी।
घटनास्थल पर केन्द्र मंत्री किशन रेड्डी, राज्यमंत्री प्रभाकर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंच गये। मौके पर फायर ब्रिगेड की 11 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। फायर ब्रिगेड के मुताबिक काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। मृतकों की पहचान अभिषेक मोदी, आरूषी जैन, शीतल जैन, सुमित्रा जैन, प्रथम मोदी, राजेन्द्र कुमार, हषार्ली गुप्ता, मुन्नीबाई, प्रियाणी और इराज के रूप में हुई है। अभी अन्य मृतकों के शवों की पहचान करायी जा रही है। गम्भीर रूप से झुलसे लोगों को हैदराबाद के यशोदा हॉस्पिटल, डीआरडीओ हॉस्पिटल और उस्मानिया हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। हादसे के शिकार लोग ज्वेलर्स के जुड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान से सम्बन्धित दो परिवारों के लोग हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इस इमारत में 30 से अधिक लोग रह रहे थे, इनमें ज्यादातर किरायेदार थे।
पुलिस के मुताबिक इमारत में आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक रात में बहुत गर्मी थी और मकान में लगे सभी एसी चल रहे थे। इसकी वजह से मकान की वायरिंग गर्म हो गयी। इसी दौरान वायरिंग में आग लग गयी और इसमें से निकली चिनगारी ने देखते ही देखते भयानक रूप ले लिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक एसी के कम्प्रेशर फटने से आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बाहर भागने का भी मौका नहीं मिला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री ने दुख जताते हुए आर्थिक मदद की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हैदराबाद में आग लगने की घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार प्रत्येक मृतक के निकट सम्बन्धी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 02 लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गयी है।



