Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

चर्चित शराब घोटाले में एसीबी की कार्रवाई हुई तेज,आईएएस अधिकारी विनय चौबे और संयुक्त आयुक्त गजेन्द्र सिंह गिरफ्तार, भेजे गये जेल

चर्चित शराब घोटाले में एसीबी की कार्रवाई हुई तेज,आईएएस अधिकारी विनय चौबे और संयुक्त आयुक्त गजेन्द्र सिंह गिरफ्तार, भेजे गये जेल

Ranchi news : झारखंड में हुए शराब घोटाले में आरोपित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे और उत्पाद विभाग के संयुक्त आयुक्त गजेन्द्र सिंह को जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को एसीबी के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार सिंह की अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया। अगली सुनवाई अब 03 जून को होगी। विनय चौबे और गजेन्द्र सिंह से एसीबी के अधिकारियों ने पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पहले एसीबी ने करीब छह घंटे तक दोनों अधिकारियों से पूछताछ की। पूछताछ के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों को एसीबी के कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट में पेशी से पहले दोनों की मेडिकल जांच भी करायी गयी।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ आर्थिक अपराध शाखा में प्राथमिकी दर्ज की जाने के बाद झारखंड एसीबी ने राज्य में कथित शराब घोटाले के सिलसिले में सरकार की अनुमति के बाद प्रीलिमिनरी एनक्वायरी (पीई) दर्ज की थी। प्रारम्भिक जांच के बाद एसीबी ने सरकार से अनुमति लेकर शराब घोटाले के सिलसिले में नियमित प्राथमिकी दर्ज की है।

विनय चौबे उत्पाद विभाग के तत्कालीन सचिव हैं। उनके ही कार्यकाल में कथित तौर पर शराब घोटाला हुआ था। पूरा मामला झारखंड में 31 मार्च 2022 से लागू नयी उत्पाद नीति से सम्बन्धित है। आरोप है कि इसके लिए जनवरी 2022 में झारखंड में उत्पाद नीति को बदलने के लिए छत्तीसगढ़ के अधिकारियों के साथ तत्कालीन उत्पाद सचिव और अन्य अधिकारियों ने योजना बनायी और रायपुर में बैठक की थी।

यह भी आरोप है कि उत्पाद नीति लागू होने के बाद दो वर्षों तक झारखंड उत्पाद नीति में छत्तीसगढ़ की एजेंसियां कार्यरत रहीं। नकली होलोग्राम, अवैध शराब की सप्लाई कर झारखंड सरकार को करोड़ों रुपये की क्षति पहुंचायी गयी।

छत्तीसगढ़ के रायपुर में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी इनफोर्समेंट केस इनफॉरमेशन रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज किया था। पूर्व में ईडी ने पूर्व उत्पाद सचिव विनय कुमार चौबे और संयुक्त आयुक्त उत्पाद गजेन्द्र सिंह के ठिकानों पर छापेमारी की थी। तब सभी अधिकारियों के आईफोन सहित अन्य दस्तावेजों को भी ईडी ने जब्त किया था।

झारखंड के तत्कालीन उत्पाद सचिव विनय कुमार चौबे, संयुक्त आयुक्त उत्पाद गजेन्द्र सिंह सहित अन्य के विरुद्ध छत्तीसगढ़ की आर्थिक अपराध शाखा रायपुर में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर ही ईडी ने गत वर्ष अपने यहां ईसीआईआर दर्ज किया था। उक्त केस रांची के अरगोड़ा निवासी विकास सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया था।

उनका आरोप था कि छत्तीसगढ़ के तत्कालीन वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव अनिल टुटेजा, छत्तीसगढ़ राज्य मार्केटिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के तत्कालीन प्रबंध निदेशक अरुणपति त्रिपाठी, रायपुर के बैरन बाजार निवासी अनवर ढेबर और उनके सिंडिकेट ने झारखंड के अधिकारियों के साथ मिलकर साजिश पूर्वक झारखंड की आबकारी नीति में फेरबदल किया।

झारखंड में देसी और विदेशी शराब का ठेका सिंडिकेट के लोगों को दिला कर धोखाधड़ी की और झारखंड सरकार को करोड़ों का नुकसान पहुंचाया। इस सिंडिकेट में झारखंड में बेहिसाब नकली होलोग्राम लगी देसी शराब की बिक्री कर तथा विदेशी शराब की सप्लाई का काम दिला कर उन कम्पनियों से करोड़ों रुपये का कमीशन लिया। इन्हीं आरोपों के आधार पर एसीबी झारखंड ने भी समानांतर जांच शुरू की थी।

Share this:

Latest Updates