Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर रांची के कोकर स्थित समाधि स्थल पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन, महुआ माजी, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित अन्य कई नेता मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर हर साल की तरह इस वर्ष भी उनकी 125वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने आये हैं। उनकी पुण्यतिथि झारखंड के जनमानस के लिए बहुत मायने रखती है। उन्होंने कहा कि दुख इस बात का है कि भगवान बिरसा मुंडा आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन गर्व इस बात का है कि जो उन्होंने योगदान दिया है, यहां के जल, जंगल, जमीन और आदिवासियों तथा मूलवासियों को संरक्षण देने में, उसके लिए उन्हें युगों-युगों तक याद रखा जायेगा।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को रांची के बिरसा चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बिरसा मुंडा को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा है…’धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष और आदर्श हमें हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें। झारखण्ड के वीर शहीद अमर रहें। जय बिरसा – जय झारखंड।’
मुख्यमंत्री ने धरती आबा बिरसा मुंडा को अर्पित की श्रद्धांजलि

Share this:


