Tonk News: टोंक जिले के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार को बनास नदी में डूबने से आठ युवकों की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य को समय रहते बचा लिया गया। सभी युवक जयपुर के रहनेवाले थे और पिकनिक मनाने यहां आये थे। इस हादसे पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि हादसा पुराना बनास पुलिया के पास स्थित कच्चा बांध पर हुआ। जयपुर के हसनपुरा इलाके के 11 युवक यहां पिकनिक मनाने आये थे। इस दौरान सभी युवक नदी में नहाने के लिए उतरे थे। तभी नहाने के दौरान कुछ युवक डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में अन्य युवक भी नदी में कूदे, लेकिन दुर्भाग्यवश आठ युवकों की डूब कर मौत हो गयी। स्थानीय लोगों की मदद से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि मृतकों की उम्र 20 से 35 वर्ष के बीच है और वे आपस में दोस्त थे। जयपुर पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मृतकों के शवों को सआदत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
बनास नदी में डूबने से 08 युवकों की मौत, पिकनिक मनाने गये थे जयपुर नगर के 11 दोस्त

Share this:


