हवा में ही यू-टर्न लेकर वापस लौटा प्लेन
ईमेल मिलते ही एयर स्टाफ के हाथ-पांव फूले
frankfurt। जर्मनी के फ्रैंकफर्ट शहर से हैदराबाद आ रहे लुफ्थांसा एयरलाइंस के एक यात्री विमान (एलएच752) को लेकर उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब यात्री विमान में बम होने की धमकी मिली। यह धमकी ईमेल पर दी गई, जिसके बाद विमान के पायलट समेत एयर स्टाफ के हाथ-पांव फूल गए। एहतियाती तौर पर सुरक्षा को देखते हुए विमान को आनन-फानन में वापस फ्रैंकफर्ट शहर लौटना पड़ा। यहां लैंडिंग के बाद विमान की गहन जांच की गई।
जर्मनी के फ्रैंकफर्ट शहर में जब विमान की वापस लैंडिंग हुई और इस बीच सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ विमान की जांच की गई तो कोई बम नहीं मिला, तब जाकर एयर स्टाफ को राहत की सांस आई। बम होने की धमकी एक अफवाह निकली। लुफ्थांसा एयरलाइंस के इस यात्री विमान (एलएच752) ने स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद के लिए उड़ान भरी थी। विमान के रवाना होने के कुछ समय बाद इसमें बम होने की सूचना मिली।
बताया जाता है कि, जिस वक्त बम की धमकी आई। यह विमान बुल्गारियाई हवाई क्षेत्र में उड़ान भर रहा था। बम की धमकी मिलने के बाद विमान ने हवा में ही यू-टर्न लिया और फ्रैंकफर्ट लौट आया। बताया जाता है कि, बम की धमकी मिलने के बाद विमान को हैदराबाद में लैंडिंग की इजाजत देने से मना कर दिया गया था। विमान को सुरक्षा के हित में अपने मूल स्थान लौटने या निकटतम उपयुक्त हवाई अड्डे पर जाने की सलाह दी गई। ऐसे में विमान को वापस फ्रैंकफर्ट बुलाने का फैसला किया गया। इस विमान को सोमवार को लगभग 1.30 बजे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (आरजीआईए) पर उतरना था।
गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान क्रैश होने के बाद एयरलाइंस और एयर स्टाफ द्वारा ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है।अभी हाल ही में 13 जून को थाईलैंड के फुकेट में एयर इंडिया के एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। यह विमान फुकेट से नई दिल्ली आ रहा था। विमान में बम की धमकी मिलने के बाद प्लेन की फौरन इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इसमें कोई रिस्क नहीं लिया गया।



