New Delhi News: दिल्ली में अशोक विहार के जेलरवाला बाग में सोमवार को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की ओर से झुग्गियों को गिराया जा रहा है। इसके पहले भी यहीं अभियान चलाया गया था, जिन लोगों की झुग्गियां गिरायी गयी हैं, उन्हें डीडीए ने अपार्टमेंट में पक्के घर भी मुहैया कराये हैं। सोमवार सुबह ही डीडीए की टीम जेलरवाला बाग पर पहुंची, जहां पर डीडीए की जमीन पर सैकड़ों झुग्गियां अवैध रूप से बनी हैं। बिजली विभाग के साथ जेसीबी को इलाके में लाया गया है, जहां पर झुग्गियों को गिराया जा रहा है। करीब 200 से ज्यादा झुग्गियां सोमवार को गिरायी जानी हैं, जबकि इससे पहले भी सैकड़ों झुग्गियां गिरायी जा चुकी हैं। जिन लोगों को अलॉटमेंट नहीं हुआ था, वे कोर्ट चले गये थे और स्टे लेकर आये थे। बाकियों को अलॉटमेंट मिल गयी।
इस कार्रवाई का कोई विरोध नहीं कर सके, इसलिए दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की भी तैनाती की गयी है। करीब 2100 झुग्गियां यहां थी, जिसमें से 1600 के करीब लोगों को पक्के मकान में शिफ्ट किया गया है।
इसके पहले दिल्ली के कालकाजी में भी बुलडोजर की कार्रवाई की गयी थी। इस दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं ने विरोध किया था। पार्टी ने चलो जंतर-मंतर नामक एक बड़े विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया है, जो 29 जून को सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पर होगा।
पार्टी के मुताबिक, इस प्रदर्शन का उद्देश्य दिल्ली की झुग्गी बस्तियों को बुलडोजर कार्रवाई से बचाना और गरीबों को बेघर होने से रोकना है। आप के अनुसार, दिल्ली में अवैध बता कर कई झुग्गी बस्तियों को उजाड़ा जा रहा है, जिससे हजारों गरीब परिवारों का जीवन संकट में है। दूसरी तरफ, सरकार का कहना है कि बुलडोजर की कार्रवाई कोर्ट के आदेश के बाद की जा रही है।
दिल्ली के अशोक विहार में बुलडोजर एक्शन, 200 से ज्यादा झुग्गियों को गिराया जा रहा

Share this:


