▪︎ निजी क्षेत्र में रोजगार के नये अवसरों के निर्माण पर भी सरकार का जोर: मोदी
▪︎ संजय सेठ ने झारखंड के चयनित युवाओं को सीसीएल सभागार में दिया नियुक्ति पत्र
नयी दिल्ली/रांची : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि केन्द्र सरकार का जोर निजी क्षेत्र में रोजगार के नये अवसरों के निर्माण पर भी है। सरकार ने हाल ही में एक नयी योजना ‘एम्प्लॉयमेंट लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम’ को मंजूरी दी है। इसके तहत सरकार निजी क्षेत्र में पहली बार रोजगार पानेवाले युवाओं को 15,000 रुपये की सहायता देगी। इसके लिए एक लाख करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। इसके माध्यम से लगभग 3.5 करोड़ नये रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। शनिवार को देश के 51 हजार नवचयनित केन्द्रीय कर्मचारियों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आॅडियो विजुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने नौकरी पानेवाले युवाओं को सम्बोधित किया और उन्हें बधाई दी।
केन्द्र सरकार की ओर से रांची समेत देश के 47 स्थानों पर शनिवार को रोजगार मेला आयोजित हुआ।
अपने आॅनलाइन सम्बोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वर्तमान केन्द्र सरकार के मिशन ‘बिना पर्ची, बिना खर्ची’ के तहत नौकरी देने के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है और इसके तहत अब तक लाखों युवाओं को भारत सरकार की विभिन्न इकाइयों में स्थायी रोजगार दिया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान से राष्ट्र निर्माण में युवाओं की बड़ी भूमिका होती जा रही है। उन्होंने नौकरी पानेवाले युवाओं से कहा कि इसको राष्ट्र सेवा के बड़े मंच के रूप में देखें।
उन्होंने अपने हाल ही में समाप्त हुए पांच देशों की यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत जितने भी द्विपक्षीय समझौते हुए हैं, उनसे भारत के नौजवानों को फायदा होगा ; खासकर सेवा और उत्पादन क्षेत्र में। उन्होंने इस वर्ष के बजट का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को तैयार करने के लिए कई अहम निर्णय किये गये हैं और नीतियों को आधुनिक दृष्टिकोण से बनाया गया है, जिसमें रिसर्च पर आधारित इकोसिस्टम से युवाओं के सामर्थ्य बढ़ाने पर जोर दिया गया है। उन्होंने ‘आॅपरेशन सिन्दूर’ के बाद रक्षा क्षेत्र के उत्पादन में बनाये गये नये रिकॉर्ड का भी जिक्र किया और कहा कि हमारे देश में सवा लाख करोड़ रुपये के रक्षा उत्पादन किये गये।
उन्होंने अपने सम्बोधन में अंतरराष्ट्रीय मजदूर संगठन (इंटरनेशनल लेबर आॅगेर्नाइजेशन) के रिपोर्ट के जिक्र करते हुए केन्द्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से होनेवाले बहुआयामी फायदों का जिक्र किया।
प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘रोजगार मेला’ में 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किये। इन युवाओं को सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में नियुक्त किया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिन युवाओं के लिए नयी जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने ‘नागरिक प्रथम’ के सिद्धांत को दोहराते हुए सभी नव-नियुक्त कर्मचारियों को राष्ट्र सेवा का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि देश में मेक इन इंडिया और पीएलआई स्कीम के माध्यम से 11 लाख से अधिक रोजगार पैदा हुए हैं। मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण क्षेत्र में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिला है। रक्षा उत्पादन, रेलवे निर्माण और आॅटोमोबाइल क्षेत्र में भी जबरदस्त प्रगति दर्ज की गयी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, पीएम सूर्य घर योजना और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा किया है। पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, जो सरकार की रोजगारोन्मुख योजनाओं का प्रमाण है। विभिन्न योजनाओं के जरिये महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया गया है। लखपति दीदी मिशन के अंतर्गत अब तक 1.5 करोड़ महिलाएं इस लक्ष्य को प्राप्त कर चुकी हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समय विकास का महायज्ञ है। उन्होंने सभी युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण के इस कार्य में पूरी निष्ठा से योगदान दें। उन्होंने सभी नव-नियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘नागरिक देवो भव’ की भावना के साथ सेवा करें।
रक्षा राज्य मंत्री ने दरभंगा हाउस में झारखंड के चयनित 172 में से 25 युवाओं को सौंप
इनका चयन रेलवे, गृह मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय और भारतीय डाक सेवा के लिए हुआ है। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमेशा देश के युवाओं को आगे रखना चाहते हैं।
इस अवसर पर दक्षिण पूर्व रेल मण्डल के मण्डल रेल प्रबंधक जसमित सिंह बिंद्रा ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह केन्द्र सरकार की उस नीति का प्रमाण है, जिसमें मिशन ‘ विकसित भारत’ के लिए युवाओं को बेहतर मंच देने की प्रतिबद्धता है।



