Chandigarh News: पश्चिम बंगाल के निवासी प्रो. अशीम घोष ने सोमवार को हरियाणा के राज्यपाल के पद की शपथ ली। वह हरियाणा के 19वें राज्यपाल बन गये हैं। घोष को बंडारू दत्तात्रेय की जगह राज्यपाल बनाया गया है।
सोमवार को राजभवन में आयोजित एक शपथ ग्रहण समारोह में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश शील नागू ने प्रो. अशीम घोष को राज्यपाल पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। घोष ने अंग्रेजी में शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र कल्याण समेत कई विधायक, मंत्री तथा घोष के पारिवारिक सदस्य मौजूद थे। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विधिवत रूप से उनका बतौर राज्यपाल स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 14 जुलाई 2025 को प्रो अशीम घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त किया था। घोष पश्चिम बंगाल में भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं। अपनी नियुक्ति की घोषणा के बाद घोष 19 जुलाई को चंडीगढ़ राजभवन पहुंच गये थे।
प्रो अशीम घोष ने हरियाणा के राज्यपाल पद की शपथ ली

Share this:


