New Delhi News: पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं लोकसभा के सदस्य अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भाजपा के दिवंगत नेता अरुण जेटली पर टिप्पणी को उनकी अपरिपक्व राजनीति का प्रतीक बताया है। ठाकुर ने उनसे जेटली परिवार और देश से माफी मांगने की मांग की है।
अनुराग ठाकुर ने शनिवार को एक बयान में कहा कि कांग्रेस में बस एक यही सच है कि उनकी हर बात झूठ है। दिन, सप्ताह, महीने, साल बीतते गये बस राहुल गांधी में एक ही चीज है, जो उनके अन्दर बनी हुई है। कोई परिवर्तन नहीं, ना होने की कोई उम्मीद। हर दिन एक नया झूठ, एक नया प्रोपेगंडा। कांग्रेस को गम्भीरता से विचार करना होगा कि आखिर राहुल गांधी झूठ-फरेब मक्कारी की राजनीति से आखिर क्या हासिल करना चाहते हैं?
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अरुण जेटली भाजपा के अनेक कार्यकर्ताओं के लिए अभिभावक समान थे। सभी दलों के नेताओं में उनके प्रति सम्मान का भाव था। लोग दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर उनका सम्मान करते थे। उनके अनुभव का लाभ लेते थे। जिन्होंने देश को इतना कुछ दिया, उनके बारे में राहुल गांधी इतना बड़ा झूठ आखिर कैसे बोल सकते हैं। राहुल कहते हैं कि जब वह कृषि कानूनों से लड़ रहे थे, तब जेटली ने उनको धमकाया था? राहुल गांधी सफेद झूठ बोल रहे हैं, क्योंकि 24 अगस्त 2019 को अरुण जेटली का निधन हुआ, जबकि 03 जून 2020 को मोदी कैबिनेट में कृषि कानून आया था I
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी एक अलग ही काल्पनिक दुनिया बना कर उसमें रहते हैं, जहां सच और तथ्य की कोई जगह नहीं है। खुद भ्रम में जीना और देशवासियों को भ्रमित करना अब कांग्रेस के लिए एक मजबूरी बन गयी है। राहुल गांधी के ऊपर देशभर में मानहानि के कई मुकदमे पहले चल रहे हैं। उन्हें जेटली जी के परिवार और देश से माफी मांगनी चाहिए।



