Mumbai news: अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा पिछले काफी समय से एक कथित 60 करोड़ की ठगी मामले को लेकर चर्चा में हैं। अब इस मामले में मुम्बई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने अभिनेत्री से लम्बी पूछताछ की है।
सूत्रों के मुताबिक ईओडब्ल्यू की टीम ने शिल्पा से उनके मुंबई स्थित आवास पर जाकर बीती रात करीब 04 घंटे 30 मिनट तक पूछताछ की। जांच एजेंसी ने शिल्पा से उस एड कंपनी के बैंक खातों और लेन-देन से जुड़ी जानकारी मांगी, जिसके जरिये कथित रूप से यह वित्तीय गड़बड़ी की गयी थी। बताया जा रहा है कि अभिनेत्री ने ईओडब्ल्यू को कई जरूरी दस्तावेज और बैंक डिटेल्स सौंपे हैं, जिनकी अब जांच जारी है।
ईओडब्ल्यू से जुड़े सूत्र के मुताबिक शिल्पा और राज, दोनों उसी कम्पनी के डायरेक्टर थे, जिसके माध्यम से यह पूरा लेन-देन हुआ था। एजेंसी इस कम्पनी से जुड़ी वित्तीय गतिविधियों और निवेश सौदों की बारीकी से जांच कर रही है। इससे पहले, व्यवसायी दीपक कोठारी ने दम्पति पर आरोप लगाया था कि उन्होंने एक लोन-कम-इन्वेस्टमेंट डील के नाम पर उसके साथ 60 करोड़ की धोखाधड़ी की। इसी शिकायत के आधार पर अगस्त महीने में जुहू पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गयी थी। जांच आगे बढ़ने के साथ, ईओडब्ल्यू अब तक राज कुंद्रा समेत कुल 05 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। इसके अलावा कई वित्तीय दस्तावेज और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच भी जारी है।
इस पूरे विवाद के बीच, शिल्पा शेट्टी ने पूछताछ के दौरान पूरी तरह जांच में सहयोग करने की बात कही है। वहीं, इससे पहले मुंबई पुलिस ने शिल्पा और राज कुंद्रा के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी की थी, ताकि दोनों देश से बाहर न जा सकें। फिलहाल, ईओडब्ल्यू की टीम इस मामले से जुड़ी कम्पनी के बैंक रिकॉर्ड, निवेश दस्तावेज और लेन-देन की श्रृंखला की जांच में जुटी हुई है। आनेवाले दिनों में एजेंसी कुछ और प्रमुख गवाहों और सम्बन्धित अधिकारियों से पूछताछ कर सकती है।



