साल 2022 में 10 अप्रैल हमारी आस्था के केंद्र भगवान राम का अवतरण दिवस है। राम भक्त और भक्त शिरोमणि संत तुलसीदास ने सियाराम मय सब जग जानी कह कर भगवान राम के प्रति भावनात्मक व्यापकता की सच्चाई को स्थापित किया है। भगवान राम राम तब हैं, जब सिया के साथ हैं। ठीक वैसे ही जैसे भगवान शिव शिव तब हैं, जब वह शिवा के साथ हैं। यह भारतीय संस्कृति में नर-नारी के संबंध में शक्ति समन्वय का प्रतीक है, जो जीवन की शक्ति को संचालित करता है। समाचार सम्राट डॉट कॉम की ओर से रामनवमी की सबको हार्दिक बधाई। समाज को भगवान राम के चरित्र और उनके जीवन से मिले संदेश के आधार पर आगे बढ़ाने का अनुरोध। प्रेम भारतीय जीवन की मूल शक्ति है और इसे बचाए रखना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति का प्रमाण है।
रांची में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम
रामनवमी पर शोभायात्रा कोरोना महामारी के कारण साल 2020 और 21 में नहीं निकाली जा सकी थी। इस साल कोरौना की नियंत्रित स्थिति के कारण सभी जगह शोभायात्रा की भव्य तैयारी की गई है। झारखंड की राजधानी रांची में इसके लिए सरकार और प्रशासन की ओर से पहले 6 घंटे का समय दिया गया था। बाद में इसे 10 घंटा कर दिया गया। आज रांची में दोपहर 2:00 बजे से रामनवमी की शोभायात्रा निकालने की भव्य तैयारी की गई है। इस शोभायात्रा के कारण शहर में 9 घंटे तक बिजली नहीं रहेगी। इसकी सूचना पहले ही लोगों को दी जा चुकी है। शोभायात्रा को सौहार्दपूर्ण माहौल में सफल बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारी की गई है। सुरक्षा के भी चाक-चौबंद इंतजाम हैं। शहर में 283 मजिस्ट्रेट 250 अवसर और 2000 जवानों को तैनात किया गया है कंट्रोल रूम में सीसीटीवी से पूरे शहर की निगरानी का पुख्ता सिस्टम बनाया गया है।
बिजली विभाग के 26 पदाधिकारी तैनात
जिला प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार बिजली विभाग की ओर से शहर के अलग-अलग स्थानों पर 26 पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया है। यह बताया गया है कि सभी पदाधिकारी दिए गए रूट के अनुसार अलग-अलग चौराहों पर जुलूस शुरू होने से लेकर खत्म होने तक उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा विभाग ने सब स्टेशन में पदाधिकारी और कर्मचारी को देर रात तक रहने का आदेश दिया है। लगातार 9 घंटे से अधिक बिजली नहीं रहने के बाद विभाग द्वारा बिजली दी जाती है तो कई इलाकों में बिजली को लेकर समस्या हो जाती है। इसी समस्या को दूर करने के लिए देर रात तक लाइनमैन और कर्मचारी मौजूद रहेंगे, ताकि बाद में शहर के लोगों को किसी भी मोहल्ले में कोई तकलीफ नहीं हो। अगर कोई परेशानी आए, तो उसे आसानी से दूर किया जा सके।
आज बंद रहेंगी शराब की दुकानें
रामनवमी को लेकर 10 अप्रैल को रांची में शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी। इससे संबंधित सूचना सभी शराब दुकानदारों को दी जा चुकी है। अगर कोई चोरी छुपे शराब बिक्री करते पाया जाएगा, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। आज कोरोनारोधी वैक्सीन भी नहीं दी जा सकेगी। यह भी महत्वपूर्ण है कि सुबह से शहर के विभिन्न इलाकों के कई रूट सामान्य आवागमन के लिए बंद रहेंगे। मेन रोड में दोपहर से ही आवागमन पूर्ण रूप से बंद रहेगा।



