Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

जन कल्याण के लिए हमेशा से प्रतिबद्ध रही हमारी सरकार : मुख्यमंत्री

जन कल्याण के लिए हमेशा से प्रतिबद्ध रही हमारी सरकार : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने बोआरीजोर में 187.15करोड़ रुपये की 151 योजनाओं का गोड्डावासियों को दिया तोहफा

Ranchi news : हमारी सरकार हर कदम पर आपके साथ है। हम आपकी भावनाओं से भली-भांति वाकिफ हैं। यही वजह है कि हमारी सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ आदिवासी, दलित, शोषित, वंचित, गरीब और किसानों- मजदूरों  को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रविवार को गोड्डा जिले के बोआरीजोर प्रखंड के राजाभीठा में विकास योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास एवं लाभुकों के बीच परिसम्पत्ति वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तमाम विपरीत पतिस्थितियों के बीच सरकार की जन कल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं, जिसका लाभ आम जनमानस को मिल रहा है।

अपने संसाधनों को बढ़ा रहे हैं, ताकि आपके लिए और नयी-नयी योजनाएं ला सकें

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जन कल्याण के लिए हमेशा से प्रतिबद्ध रही है। पिछले साढ़े वर्षों में अनेक ऐसी योजनाएं लेकर आये,  जिससे जुड़ कर यहां के लोग सशक्त बन रहे हैं। अब ऐसी ही कई और जन कल्याण से जुड़ीं योजनाओं को शुरू करने की कार्य योजना तैयार हो रही है। ये नयी योजनाएं इस राज्य की दशा और दिशा बदलने का एक महत्त्वपूर्ण जरिया बनेगी। इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर अपने संसाधनों को बढ़ा रहे हैं। 

नारी शक्ति को समर्पित है मंईयां सम्मान योजना

1000580697

मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी सशक्तीकरण हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि यहां की महिलाएं काफी मेहनतकश हैं। वे घर-परिवार भी चलाती हैं और आमदनी के लिए काम भी करती हैं। ऐसे में हमारी सरकार राज्य की महिलाओं एवं बहन-बेटियों के लिए पहले से ही कई योजनाएं चला रही हैं। इसी क्रम में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना नाम से एक और ऐतिहासिक कड़ी आज से जुड़ रही है। इस योजना के तहत  महिलाओं और बहन-बेटियों को हर वर्ष 12 हज़ार रुपये सम्मान राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की बच्चियां पैसे के अभाव में पढ़ाई से वंचित न रहें, इसके लिए उन्हें सावित्रीबाई किशोरी समृद्धि योजना के तहत 40 हज़ार रुपये दिये जा रहे हैं। इस योजना के अब तक 09 लाख से ज्यादा बच्चियां जोड़ी जा चुकी हैं। वहीं, 50 वर्ष से अधिक की महिलाओं को भी पेंशन योजना का लाभ दे रहे हैं। 

हर चेहरे पर मुस्कान लाने का कर रहे काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार हर चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर रही है। सरकार की अनेक योजनाएं हैं, जिनसे जुड़ कर लोग स्वावलम्बी बन रहे हैं। हमारी सरकार ने सर्वजन पेंशन योजना लागू कर सभी बुजुर्गों, एकल महिलाओं और दिव्यांगों को आर्थिक सुरक्षा कवच दे रही है। वहीं, किसानों के दो लाख रुपये तक का लोन माफ किया जा रहा है। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत स्वरोजगार के इच्छुक नौजवानों को को 25 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद दी जा रही है, ताकि वे खुद के साथ दूसरों को भी रोजगार दे सकें। बड़े पैमाने पर खाली पड़े पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया तेज गति से चल रही है। इसके साथ सभी श्रेणी के सरकारी कर्मियों के हित में कई अहम निर्णय लिये गये हैं। सरकारी कर्मियों को बुढ़ापे की लाठी के रूप में पुरानी पेंशन योजना दी गयी है। अनुबंध पर काम करनेवालों कर्मचारियों की सेवा शर्तों में सुधार के साथ मानदेय में बढ़ोतरी की गयी है। आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका जैसे अन्य कर्मियों को सम्मानजनक प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। सरकार के निर्णयों से राज्य भर में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।

झारखंड को हमेशा हाशिये पर रखा गया

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने से पहले और अलग राज्य बनने के बाद भी हमेशा हाशिये पर रहा। नीति-निर्धारकों द्वारा इस राज्य और यहां की गरीब जनता की सुध नहीं ली गयी। यही वजह है कि विकास के मामले में झारखंड पिछड़ता रहा। लेकिन, हमारी सरकार के गठन के बाद से राज्य को विकास की दहलीज़ पर ले जाने और यहां की जनता के उत्थान के लिए लगातार निर्णायक फैसले ले रही है। वह दिन दूर नहीं, जब झारखंड अग्रणी राज्यों की श्रेणी में गिना जायेगा।

कई विकास योजनाओं का मिला तोहफा

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लगभग 187 करोड़ 15 लाख रुपये की 151 योजनाओं का तोहफा दिया। इसमें 58 करोड़ 62 लाख रुपये की 73 योजनाओं का उद्घाटन एवं 128 करोड़ 53 लाख रुपये की 78 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। वहीं, विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसम्पत्तियों का वितरण किया गया। इस विशेष मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य की बहन-बेटियों को झारखंड मंईयां सम्मान योजना की सम्मान राशि प्रदान कर रक्षा बंधन की सौगात दी। योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास एवं लाभुकों के बीच परिसम्पत्ति वितरण कार्यक्रम में मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बेबी देवी एवं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, विधायक प्रदीप यादव तथा विधायक कल्पना सोरेन समेत जिले के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Latest Updates