Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

आधी आबादी की मजबूत भागीदारी से ही बढ़ेगा राज्य आगे : हेमन्त 

आधी आबादी की मजबूत भागीदारी से ही बढ़ेगा राज्य आगे : हेमन्त 

 

दुमका के पांजनपहाड़ी में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के कार्यक्रम में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने संथाल की 07.32 लाख 906 बहन-बेटियों के खाते में डीबीटी से 73 करोड़ 29 लाख रुपये सम्मान राशि हस्तांतरित किया

सीएम ने कहा सरकार की योजनाओं से कोई वंचित नहीं रहे, इसी सोच के साथ कर रहे हैं काम

Ranchi News : झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर राज्यभर की महिलाओं में जो उत्साह एवं खुशी देखने को मिल रहा है, वह अद्भुत है। आपका यह उत्साह हमें हर मुसीबत-हर चुनौती से लड़ने की ताकत देता है। आपकी उम्मीदों और भरोसे से हम हर चुनौती का डट कर मुकाबला करते हुए निरन्तर आगे बढ़ रहे हैं। यह कहना है मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का। वह दुमका जिला के जामा प्रखंड स्थित पांजनपहाड़ी में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के संताल परगना प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। 

जो आधी आबादी को मजबूत एवं सशक्त करेगा, वही राज्य आगे बढ़ेगा

1000599366

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी को जो मजबूत और सशक्त करेगा, वही राज्य आगे बढ़ेगा। राज्य के विकास के लिए महिलाओं की भागीदारी हर हाल में जरूरी है।  यही वजह है कि हमारी सरकार आधी आबादी को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर रही है ।

जिन्होंने कभी ब्लॉक ऑफिस तक नहीं देखा, उनके दरवाजे पहुंच रही सरकार

1000599322

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से 04 वर्ष पहले कई ऐसे गांव थे, जहां के लोगों ने कभी ब्लॉक ऑफिस तक नहीं देखा था। डीसी-एसपी ऑफिस के बारे में जिन्हें कोई जानकारी तक नहीं थी। उनके दरवाजे पर आज पूरी सरकार पहुंच रही है। जिन गांवों में जाने के लिए कोई रास्ता नहीं है, जहां आवागमन की कोई सुविधा नहीं है, वहां आज बीडीओ-सीओ,  डीसी-एसपी से लेकर विभागों के सचिव पहुंच कर आपकी समस्याओं को न सिर्फ सुन रहे हैं, बल्कि उनका समाधान कर रहे हैं। जिन समस्याओं का निदान तत्काल सम्भव नहीं है, उनकी जानकारी सरकार तक पहुंचा रहे हैं, ताकि उस दिशा में ठोस कदम उठाया जा सके। सरकार की योजनाओं से कोई वंचित नहीं रहे, इसी सोच के साथ कार्य कर रहे हैं।

गांवों की मजबूती से राज्य के विकास का रास्ता होगा तय

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों को मजबूत किये बगैर राज्य मजबूत नहीं बन सकता है। यही वजह है कि हमारी सरकार रांची हेडक्वार्टर के बजाय गांव-देहात से चल रही है। “आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत गांव-गांव टोले-टोले में शिविर लगा कर सरकार की योजनाओं से समाज की अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को भी जोड़ने का काम किया गया। यह कार्यक्रम निरंतर चलेगा। हमारा प्रयास आपकी हर समस्या का समाधान करना है।

किसानों को वैकल्पिक कृषि के लिए सरकार कर रही पूरा सहयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार कई योजनाएं लेकर आयी है। विशेषकर, आज मौसम में जिस तरह का बदलाव देखने को मिल रहा है, उसमें किसानों को पारम्परिक खेती के अलावा वैकल्पिक कृषि के लिए आगे आने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना, दीदी बाड़ी योजना और मुख्यमंत्री पशुधन योजना जैसी अनेक योजनाएं हैं, जिनसे जुड़ कर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं।

पिछले साढ़े चार वर्षों में विकास का नया पैमाना बना

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में हमारी सरकार ने इस राज्य और यहां के आदिवासी-मूलवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, किसान-मजदूर, बूढ़े-बुजुर्ग, महिला युवा समेत हर वर्ग-तबके के लिए जो कार्य किये हैं, उसने विकास का नया आयाम गढ़ा है। आज राज्य का कोई भी बूढ़ा बुजुर्ग पेंशन से वंचित नहीं है। किसानों के दो लाख रुपये तक के लोन माफ किये गये हैं। बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले, इसके लिए उत्कृष्ट विद्यालय खोले गये हैं। यहां के बच्चे पढ़-लिख कर आगे बढ़ें, गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत उन्हें आर्थिक सहयोग किया जा रहा है। बच्चियों की पढ़ाई आर्थिक तंगी से छूटे नहीं, इसके लिए उन्हें सावित्रीबाई किशोरी समृद्धि योजना से जोड़ा गया है। इसी तरह की अनेक योजनाएं हैं, जो राज्यवासियों को आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त कर रही है।

1000599370

07.32 लाख 906 बहन बेटियों को मिली  73 करोड़ 29 लाख 06 हज़ार रुपये सम्मान राशि

मुख्यमंत्री ने आज संताल परगना प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम में 07 लाख 32  हज़ार 906 लाभुकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से 73 करोड़ 29 लाख 06 हज़ार रुपये सम्मान राशि के रूप में हस्तांतरित कर महिला सशक्तीकरण  की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाया।  इनमे दुमका की 01 लाख 58 हज़ार 724, देवघर जिले की  50 हज़ार 152, साहिबगंज जिले की 01 लाख 20 हज़ार 78,  गोड्डा जिले की  01 लाख 58 हज़ार 289, पाकुड़ जिले की 01 लाख 20 हज़ार 110 और जामताड़ा जिले की 01 लाख 25 हज़ार 543  बहन-बेटियां शामिल  हैं।इस कार्यक्रम में मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बेबी देवी, मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री दीपिका पांडेय, मंत्री इरफान अंसारी, सांसद नलिन सोरेन, विधायक प्रदीप यादव, विधायक बसंत सोरेन, विधायक बादल पत्रलेख, विधायक दिनेश विलियम मराण्डी, विधायक कल्पना सोरेन, जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा, प्रमंडलीय आयुक्त लाल चंद दादेल तथा संताल परगना प्रमंडल अंतर्गत आनेवाले जिलों के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Latest Updates