Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

झारखंड विधानसभा चुनाव में विचारधारा की लड़ाई : राहुल गांधी

झारखंड विधानसभा चुनाव में विचारधारा की लड़ाई : राहुल गांधी

नेता प्रतिपक्ष ने कहा : एक तरफ कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन, तो दूसरी तरफ भाजपा और आरएसएस

East Singhbhum News : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव में लड़ाई विचारधारा की है। एक तरफ कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन, तो दूसरी तरफ भाजपा और आरएसएस। एक तरफ मोहब्बत, एकता, भाईचारा, इज्जत, तो दूसरी तरफ नफरत, हिंसा और अहंकार। हम कहते हैं कि संविधान को बचाना है। संविधान हिन्दुस्तान का है और संविधान जनता की रक्षा करता है। जबकि, भाजपा चाहती है कि संविधान को खत्म किया जाये और जैसे पहले हुआ करता था, वैसे एक बार फिर हिन्दुस्तान को चलाया जाये।

राहुल जमशेदपुर के गांधी मैदान में सभा को सम्बोधित किया

राहुल शनिवार को पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के गांधी मैदान में सभा को सम्बोधित कर रह थे। उन्होंने कहा कि हमने कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक यात्रा निकाली थी। एक ही मैसेज था कि हिन्दुस्तान को जोड़ना है और सबको एक साथ आगे लेकर चलना है। हमने नारा दिया था…नफरत के बाजार में हम मोहब्बत की दुकान खोलेंगे जबकि नरेन्द्र मोदी हिन्दुस्तान को बांटते हैं। एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं। एक जात को दूसरे जात से लड़ाते हैं। एक भाषा को दूसरी भाषा से लड़ाते हैं।

नरेन्द्र मोदी की पॉलिसी ने हिन्दुस्तान में सबसे ज्यादा बेरोजगारी लायी है

राहुल ने कहा कि हिन्दुस्तान में बेरोजगारी फैल गयी है। नरेन्द्र मोदी की पॉलिसी ने हिन्दुस्तान में सबसे ज्यादा बेरोजगारी लायी है। नोटबंदी और जीएसटी पॉलिसी नहीं हैं। ये गरीबों को, किसानों को और मजदूरों को मारने के हथियार हैं। उन्होंने सवाल किया कि नरेन्द्र मोदी ने आपका कितना कर्जा माफ किया है। एक भी नहीं, लेकिन अडाणी और अंबानी जैसे 25 लोगों का 16 लाख करोड़ माफ किया है। उनके लिए जो भी वे चाहते हैं, पीएम करने को तैयार हैं। लेकिन, आप कर्जा माफी मांगो, रोजगार मांगो, आपको मोदी जी कुछ नहीं देते हैं। इसलिए कांग्रेस पार्टी व इंडिया गठबंधन ने झारखंड में फैसला लिया है कि जितना पैसा ये लोग अरबपतियों को देते हैं, उतना पैसा हम आपके बैंक आकउंट में डालेंगे।

हमने सबसे बड़ी स्कीम महिलाओं के लिए बनाया है

राहुल ने कहा कि महिलाएं देश की रीढ़ हैं। इसलिए हमने सबसे बड़ी स्कीम महिलाओं के लिए बनाया है। झारखंड की महिलाओं को चुनाव जीतने के एकदम बाद 2500 रुपये बैंक अकाउंट में देंगे। पहली तारीख को आपके बैंक अकाउंट में जायेगा। राशन 07 किलो हर व्यक्ति को हर महीने मिलेगा और गैस सिलिंडर 450 रुपये का होगा। यह है हमारी महिलाओं के लिए पहली गारंटी।

झारखंड में कोई बीमार होगा, तो हम आपके लिए हेल्थ इंश्योरेंस ला रहे हैं

राहुल ने कहा कि अब झारखंड में कोई बीमार होगा, तो हम आपके लिए हेल्थ इंश्योरेंस ला रहे हैं। जो भी महंगे ऑपरेशन होते हैं, गरीब से गरीब व्यक्ति को 15 लाख का इलाज झारखंड की सरकार देगी। किसानों को धान के लिए 3200 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा। आपकी शिक्षा के लिए हर ब्लॉक में एक डिग्री कॉलेज खोलने जा रहे हैं। 10 लाख युवाओं को हम झारखंड में प्राइवेट सेक्टर में और पब्लिक सेक्टर में सरकार में रोजगार देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपके सामने एक दीवार बनायी गयी है। कहा गया है कि 50 प्रतिशत से ज्यादा रिजर्वेशन नहीं मिल सकता। मैंने संसद में साफ कह दिया कि कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन इस दीवार को तोड़ देगी। झारखंड में दलितों को 10 प्रतिशत से बढ़ा कर 12 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। आदिवासियों को 26 प्रतिशत से बढ़ा कर 28 प्रतिशत मिलेगा। पिछड़े वर्ग को 24 प्रतिशत से बढ़ा कर 27 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। हम जाति जनगणना कराना चाहते हैं। हम पता लगाना चाहते हैं कि इस देश में अल्पसंख्यक कितने हैं, दलित कितने हैं और आदिवासी कितने हैं।

Share this:

Latest Updates