Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

संभल में भारी उपद्रव, तीन की मौत

संभल में भारी उपद्रव, तीन की मौत

जामा मस्जिद में सर्वे के दौरान हिंसा, पथराव, कई वाहन फूंके, इंटरनेट बंद, एसपी समेत 15 पुलिसकर्मी घायल

Sambhal news, UP news : संभल की जामा मस्जिद में सर्वे के दौरान भड़की हिंसा में तीन युवकों की मौत हो गई। मौत की खबर फैलते ही शहर में भारी उपद्रव शुरू हो गया। सपा सांसद बर्क के इलाके में पथराव की घटना हुई है। एसपी समेत 15 अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हैं। हिंसा के बाद अगले 24 घंटे के लिए संभल तहसील में इंटरनेट बंद कर दिया गया है। पूरे शहर में अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल है। जामा मस्जिद जाने वाले सभी तीन रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। हिंसा के बाद डीआईजी, आईजी मौके पर कैंप कर रहे हैं। संभल में नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल कल, 25 नवंबर को बंद रहेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने बताया कि संभल तहसील क्षेत्र के सभी स्कूल बंद रहेंगे।

उपद्रव में एसपी के पीआरओ के पैर में गोली लगी है। एसपी कृष्ण विश्नोई ने उपद्रव में तीन लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। डिप्टी कलेक्टर रमेश बाबू भी घायल हो गए हैं। उनके पैर में चोट लगी है। उन्हें कोतवाली संभल लाया गया है।

घटनाक्रम के मुताबिक, रविवार सुबह 6.30 बजे डीएम-एसपी के साथ एक टीम जामा मस्जिद का सर्वे करने पहुंची थी। टीम देखकर मुस्लिम समुदाय के लोग भड़क गए। कुछ ही देर में करीब दो हजार से ज्यादा लोग जामा मस्जिद के बाहर पहुंच गए। भीड़ मस्जिद के अंदर जाने पर अड़ गई। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद भगदड़ मच गई। अचानक तेज पथराव से पुलिस को भी भागना पड़ा। उग्र भीड़ ने 3 चौपहिया और 5 बाइकों में आग लगा दी। हालात कई घंटे बेकाबू रहे। सड़कों से 4 ट्रॉली पत्थर हटाए गए हैं। बवाल इतना बढ़ गया कि पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले दागे फिर लाठीचार्ज करके भीड़ को खदेड़ा। कई घंटों तक गलियों में जगह-जगह पथराव होता रहा।

उग्र भीड़ ने कई गाड़ियों में आग लगा दी। पथराव में एसपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। डिप्टी कलेक्टर भी चोटिल हुए हैं। एक पुलिसवाले को भी गोली लगी है।

संभल हिंसा पर मुरादाबाद के मंडलायुक्त ने कहा-सर्वे शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था। पर्याप्त पुलिस बल तैनात था। कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। फिर 2000-3000 लोग इकट्ठा हो गए और पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। छतों से भी फायरिंग की गई। आरोपियों की पहचान की जा रही है। हमारे कुछ जवान भी घायल हुए हैं। दीपा सराय में पथराव की एक और घटना हुई। दो महिलाओं समेत कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। निहित स्वार्थों के चलते वे 12-14 साल के बच्चों को मोर्चे पर रख रहे हैं। कई वाहन जलाए गए हैं।

संभल के एसपी ने बताया-कोर्ट के आदेश के अनुसार संभल जिले में जामा मस्जिद का सर्वे कराया गया था। सर्वे के विरोध में कुछ लोग इकट्ठा हुए और जब सर्वे कराया जा रहा था, तब पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने इस पर जवाबी कार्रवाई की और जामा मस्जिद के परिसर के पास खड़ी सब-इंस्पेक्टरों की कुछ गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है। ड्रोन से वीडियोग्राफी कराई गई है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से ऐसे सभी लोगों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम राजेंद्र पैंसिया ने बताया- सर्वे पूरा हो चुका है। सर्वेक्षण टीम को हमने सुरक्षित पहुंचा दिया है। स्थिति नियंत्रण में है। जो भी शरारती तत्व हैं उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा।

कोर्ट ने सर्वे कराकर एक हफ्ते में रिपोर्ट देने को कहा था।

जामा मस्जिद का 5 दिन में दूसरी बार सर्वे करने के लिए टीम पहुंची थी। इससे पहले 19 नवंबर को सर्वे हुआ था। उसी दिन यानी 19 नवंबर को हिंदू पक्ष की संभल शाही जामा मस्जिद के श्री हरिहर मंदिर होने की याचिका पर कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने मस्जिद का सर्वे करवाकर एक हफ्ते के अंदर रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए। 26 नवंबर को रिपोर्ट पेश करनी है। 29 नवंबर को इस पर सुनवाई होगी।

Share this:

Latest Updates