Mumbai News: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को परभणी में न्यायिक कस्टडी में मरनेवाले सोमनाथ सूर्यवंशी और आन्दोलन के दौरान हार्ट अटैक से मरनेवाले विजय के विजय वाकोड़े के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। सूर्यवंशी मामले में राहुल गांधी ने पुलिस और राज्य सरकार को जिम्मेदार बताया तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की।
न्यायिक कस्टडी में मरनेवाले सोमनाथ सूर्यवंशी के परिजनों से मुलाकात के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने यहां पत्रकारों से मुलाकात की।
राहुल गांधी ने पत्रकारों को बताया कि मैं सूर्यवंशी परिवार से मिला। उन्होंने मुझे पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व वीडियो दिखायी। सोमनाथ सूर्यवंशी को 99 प्रतिशत नहीं, बल्कि सौ प्रतिशत पुलिस ने मारा। इस युवक की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी गयी, क्योंकि वह दलित युवक था और संविधान की रक्षा कर रहा था। हमारी मांग है कि जिन लोगों ने ऐसा किया है, उन्हें सजा मिले।
मैं इससे संतुष्ट नहीं हूं, इन लोगों को मार दिया गया, हत्या कर दी गयी। यह राजनीति का नहीं, बल्कि न्याय का मामला है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि यह कस्टोडियल डेथ है, इसके लिए पुलिस और राज्य सरकार जिम्मेदार है। राहुल गांधी ने कहा कि सोमनाथ सूर्यवंशी संविधान की रक्षा कर रहा था, इसलिए उसकी हत्या पुलिस ने कर दी। इस मामले में राज्य सरकार दोषी पुलिसकर्मियों को बचाने की भूमिका निभा रही है। राहुल गांधी ने कहा इस मामले में शामिल पुलिसवालों को बचाने के लिए मुख्यमंत्री ने सभागृह में गलत जानकारी दी है, इसलिए वह भी घटना के लिए जिम्मेदार हैं। राहुल गांधी ने इस मामले में कठोर कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि जल्द से जल्द कार्रवाई होनी चाहिए।
इसके बाद राहुल गांधी परभणी में आन्दोलन के दौरान हार्ट अटैक से मरनेवाले विजय वाकोड़े के परिवारवालों से भी मुलाकात की। इस अवसर पर महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्नीथला, महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, विजय वडेट्टीवार, बालासाहेब थोरात आदि उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि परभणी में कलेक्टर कार्यालय के सामने डॉ. बाबा साहेब आम्बेडकर की प्रतिमा के सामने संविधान की प्रति का अपमान होने पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसी आन्दोलन के दौरान विजय वाकोड़े की हार्ट अटैक से मौत हो गयी थी। इस आन्दोलन में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने सोमनाथ सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया था, लेकिन न्यायिक कस्टडी में सोमनाथ की भी मौत हो गयी थी।



